नई दिल्ली। FIFA World Cup 2026 Colombia Vs Portugal Highlights: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के एक अहम मैच में महान फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो की पुर्तगाल का सामना कोलंबिया से हुआ। हर किसी को इंतजार था कि कब मैच में पहला गोल होगा, लेकिन ये मुकाबला बिना गोल यानी ड्रॉ पर ही समाप्त हुआ।

इस मैच के साथ ही कोलंबिया ने ग्रुप में शीर्ष स्थान बरकरार रखा, जबकि पुर्तगाल ने दूसरे स्थान पर रहते हुए राउंड ऑफ32 के लिए क्वालिफाई किया। इससे उनका मुकाबला अब राउंड ऑफ 32 में क्रोएशिया से होगा। दोनों टीमों ने पूरे 90 मिनट और स्टॉपेज टाइम तक कई मौके बनाए, लेकिन कोई भी गोल करने में कामयाब नहीं हो सका।

दूसरे हाफ में कोलंबिया ने बनाया दबाव
पहले हाफ की तुलना में दूसरे हाफ में कोलंबिया ज्यादा आक्रामक अंदाज में नजर आया। टीम ने लगातार काउंटर अटैक किए और पुर्तगाल के गोल पर कई हमले बोले। हालांकि पुर्तगाल की टीम लगातार डिफेंस करते हुए उनके प्रयास को नाकाम कर दिया। दूसरी ओर, पुर्तगाल ने सीमित मौकों में जवाबी हमले किए, लेकिन उसे भी सफलता नहीं मिली।

पहले हाफ में बराबरी की टक्कर
हाफटाइम तक दोनों टीमों के बीच मुकाबला 00 से बराबरी पर था। शुरुआती 25 मिनट में कोलंबिया ने गेंद पर नियंत्रण रखते हुए दबदबा बनाया, लेकिन पहले हाइड्रेशन ब्रेक के बाद पुर्तगाल ने लय पकड़ी और कई तेज काउंटर अटैक किए। इसके बावजूद दोनों टीमों के खिलाड़ी गोल करने में नाकाम रहे।

मैच के आंकड़ों पर नजर डालें तो कोलंबिया ने 54 प्रतिशत गेंद पर कब्जा बनाए रखा और 15 शॉट लगाए, जिनमें तीन लक्ष्य पर रहे। वहीं पुर्तगाल ने 9 शॉट लगाए और दो बार गोलपोस्ट को निशाना बनाया।

ग्रुप K की तस्वीर साफ
इस ड्रॉ के साथ कोलंबिया सात अंकों के साथ ग्रुप K में शीर्ष पर रहा, जबकि पुर्तगाल पांच अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहा। दोनों टीमों ने राउंड ऑफ32 में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं इसी ग्रुप के दूसरे मुकाबले में उज्बेकिस्तान और डीआर कांगो ने 11 से ड्रॉ खेला। उज्बेकिस्तान के एल्डोर ने 10वें मिनट में बढ़त दिलाई थी, जबकि डीआर कांगो के योआने विसा ने 68वें मिनट में पेनल्टी पर बराबरी का गोल दागा।