
गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. लोकप्रिय विहार में एक 48 वर्षीय व्यक्ति ने अपने ही परिवार पर चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में उसकी 43 वर्षीय पत्नी बेबी तबस्सुम और 15 वर्षीय बेटी की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय दूसरी बेटी घायल हो गई. पुलिस ने आरोपी मोहम्मद राजा अंसारी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, घटना खोड़ा स्थित लोकप्रिय विहार के एक अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर हुई. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहा था और उसने करीब डेढ़ महीने पहले अपनी दवाइयां लेना बंद कर दिया था. पुलिस का दावा है कि वारदात सुनियोजित थी और आरोपी ने गाजीपुर बाजार से चाकू खरीदा था.
कैसे दिया वारदात को अंजाम?
इंदिरापुरम की सहायक पुलिस आयुक्त सूर्यबली मौर्य ने बताया कि आरोपी ने अपने कमरे में पत्नी के गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से कई वार किए. हमले का शोर सुनकर 15 वर्षीय बेटी अपनी मां को बचाने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया. पुलिस के अनुसार, इसके बाद आरोपी ने अपनी 14 वर्षीय बेटी पर भी हमला किया. हालांकि, वह मामूली रूप से घायल होने के बाद वहां से भागने में सफल रही. पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.
#गाजियाबाद में आधी रात खूनी वारदात, एक ही परिवार में दो मौतों से सनसनी! ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। थाना खोड़ा क्षेत्र के लोकप्रिय विहार गली नंबर-3 में देर रात पति पर पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की कथित हत्या का आरोप लगा है। वहीं 14 वर्षीय दूसरी बेटी भी घायल हुई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया और उसकी हालत… pic.twitter.com/mL5Ngpemxm — निशान्त शर्मा (भारद्वाज) (@Nishantjournali) August 22, 2026
क्यों कर दिया परिवार खत्म?
पुलिस ने बताया कि मोहम्मद राजा अंसारी साल 2022 से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान था. हाल ही में उसने अपनी दवाइयां लेना बंद कर दिया था. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में वारदात के पीछे परिवार को खत्म करने की योजना सामने आई है. खोड़ा थाने के स्टेशन हाउस ऑफिसर नरेश कुमार शर्मा ने बताया “संदिग्ध ने अपने परिवार को जान से मारने की योजना बनाई थी और उसने गाजीपुर बाजार से चाकू खरीदा था, जहां वह काम करता था.”
मृतका बेबी तबस्सुम के भाई इस्लामउद्दीन अंसारी के मुताबिक, दंपति की शादी करीब 17 साल पहले हुई थी. उन्होंने बताया कि आरोपी लंबे समय से बीमारी से जूझ रहा था और कई सालों से दवाइयां ले रहा था. इस्लामउद्दीन अंसारी ने कहा “मेरे साले को अवसाद था और वे पिछले कई सालों से दवा ले रहे थे. उन्होंने पिछले डेढ़ महीने से दवा लेना बंद कर दिया था. परिवार में कोई विवाद नहीं था. 14 वर्षीय लड़की ने हमें बताया कि उसकी मां उसके पिता पर दवा जारी रखने के लिए दबाव डाल रही थी, लेकिन वे तैयार नहीं थे. इसी बात पर झगड़ा हुआ और उसके बाद ये घटनाएं हुईं.”
क्या बोली घायल बेटी?
हमले में घायल 14 वर्षीय बेटी ने पुलिस और परिजनों को घटना के बारे में बताया. उसके मुताबिक, रात में उसकी नींद खुली तो उसने अपनी मां और बहन को पिता को रोकने की कोशिश करते देखा. हमले में वह भी घायल हुई, लेकिन किसी तरह वहां से निकलने में सफल रही. पुलिस ने घायल 14 वर्षीय बेटी की शिकायत के आधार पर शनिवार को खोड़ा थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार किया.
क्या बोला आरोपी पिता?
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने मीडियाकर्मियों से बातचीत में घटना को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. उसने आर्थिक परेशानियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर दबाव में होने की बात कही. आरोपी ने खोड़ा पुलिस स्टेशन में मीडियाकर्मियों से कहा “बढ़ते घरेलू खर्चों और स्वास्थ्य समस्याओं के कारण मुझे आर्थिक बोझ का सामना करना पड़ रहा था. इसलिए मैंने सोचा कि अपनी जिम्मेदारियों से छुटकारा पाना ही बेहतर होगा. मुझे लगा कि मेरा यह कदम सही था, लेकिन अब मुझे इसका पछतावा है.”



