Featured Image

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक महिला को रोटी बनाने वाले तवे से पूर्व पति की हत्या करने के आरोप में हिरासत में लिया गया है. मामला पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद से जुड़ा है. ऑटो चालक आशीष सोनी की पूर्व पत्नी तपस्या उर्फ प्रीति पिछले पांच सालों से उससे अलग रह रही थी. उनकी एक बेटी भी थी जिससे मिलने वह तपस्या का घर गया था. इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। मामले ने इतना ज्यादा तूल पकड़ लिया कि तपस्या ने तवे से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर आशीष को मौत के घाट उतार दिया.

मृतक की मां की शिकायत के धार पर आरोपी तपस्या को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, दोनों का तलाक हो चुका है. आरोपी महिला भी यही कह रही है. जब कि मृतक आशीष की मां का कहना है कि दोनों का तलाक नहीं हुआ, वह अब भी आशीष की पत्नी थी. तपस्या के हमले में आशीष गंभीर रूप से घायल हो गया था. इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. आशीष की मां मीरा सोनी का कहना है कि उनके बेटे की हत्या उसकी अलग रह रही पत्नी और उसके साथियों ने साजिश के तहत की है.

पत्नी के घर पहुंचा था आशीष, विवाद के बाद तवे से वार

पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त को आशीष सोनी अपनी पूर्व पत्नी तपस्या सिंह के घर कौशल्या गार्डन पहुंचा था. दोनों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुए विवाद में तपस्या ने तवे से उसके सिर पर प्रहार कर दिया.सिर में गंभीर चोट लगने के बाद आशीष को खून से लथपथ हालत में ट्रॉमा सेंटर, जानकीपुरम ले जाया गया. हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे केजीएमयू रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

घटना की सूचना मिलते ही जानकीपुरम पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तपस्या सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पुलिस घटना के पीछे की पूरी वजह की पड़ताल कर रही है.

करीब पांच साल से अलग रह रहे थे पति-पत्नी

जानकारी के मुताबिक, आशीष और तपस्या के बीच करीब पांच साल से विवाद चल रहा था और दोनों अलग-अलग रह रहे थे. पुलिस के मुताबिक दोनों का तलाक हो चुका था. हालांकि, मृतक की मां मीरा सोनी का दावा है कि तलाक से संबंधित कोई कागज उनके पास नहीं है. दोनों की करीब पांच साल की एक बेटी भी है.आशीष सोनी आशियाना क्षेत्र का रहने वाला था और ऑटो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था.

सास ने बहू पर लगाए गंभीर आरोप

मृतक की मां मीरा सोनी ने तपस्या उर्फ प्रीति पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि वह उनके बेटे को आए दिन बुलाकर पैसे मांगती थी. पैसे नहीं देने पर उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देती थी. उसने पहले नाका थाने में शिकायत देकर आशीष का ऑटो करीब दो महीने तक बंद करवा दिया था. इसके बाद आशीष को करीब 60 हजार रुपये का कर्ज लेना पड़ा था. मां ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले साल पीजीआई में उनके बेटे के खिलाफ झूठी शिकायत दी गई थी और घर पर 5-7 लोगों को भेजकर हंगामा कराया गया था.

Latest and Breaking News on NDTV

5-7 साथियों पर भी हत्या की साजिश का आरोप

मृतक की मां मीरा सोनी ने आरोप लगाया कि आशीष की हत्या पत्नी तपस्या ने अपने 5-7 साथियों संग मिलकर की है. उन्होंने कानपुर के कुछ युवकों और तपस्या के भाई-बहनों की भूमिका की भी आशंका जताई है. हालांकि, पुलिस की जांच में अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

तहरीर के आधार पर दर्ज होगा मुकदमा

पुलिस के मुताबिक, आशीष का शव पोस्टमार्टम के लिए केजीएमयू भेजा गया है.  मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा. फिलहाल पुलिस  तपस्या सिंह से हिरासत में पूछताछ कर रही है. घटनास्थल, विवाद की वजह और महिला पर लगाए गए अन्य आरोपों की भी जांच हो रही है. पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

मां का दावा- दोनों का तलाक नहीं हुआ था

मृतक आशीष की मां मीरा सोनी का दावा है कि आशीष और तपस्या का तलाक  नहीं हुआ था. फिर वह खुद को पूर्व पत्नी को क्यों कह रही है. अगर दोनों का तलाक हो चुका था तो तपस्या ने आज तक तलाक के दस्तावेज क्यों नहीं दिखाए?

मां ने यह भी आरोप लगाया कि तपस्या सोशल मीडिया पर चार-पांच अलग-अलग नामों से एक्टिव है. उसके कथित गलत कामों को लेकर उनका बेटा लगातार परेशान रहता था. वह कई बार उसके बेटे को झूठी शिकायत में फंसाकर जेल भी भजवा चुकी है. पत्नी से लंबे समय से चल रहे विवाद की वजह से उनका बेटा मानसिक रूप से परेशान रहता था.