Vrindavan Mall Accident: वृंदावन कोतवाली क्षेत्र के रुक्मिणी विहार में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन ओमेक्स कोर्टयार्ड मॉल में छत की ढलाई के दौरान अचानक शटरिंग भरभराकर नीचे गिर गई। मलबे में दबने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।

बताया गया कि सुबह करीब 6 बजे मॉल में छत की ढलाई का काम चल रहा था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी दौरान शटरिंग का पूरा ढांचा अचानक नीचे आ गिरा। उस वक्त वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहतबचाव अभियान शुरू किया।
मलबे से निकाले गए मजदूर
रेस्क्यू टीम ने मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। हादसे में तीन मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नेपाल निवासी 42 वर्षीय शिवराम, पश्चिम बंगाल निवासी 28 वर्षीय रफ्यूल और 30 वर्षीय आलम के रूप में हुई है।
वहीं, पश्चिम बंगाल निवासी 45 वर्षीय दिलदार गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर मजदूरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान मजदूरों के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए थे और कई मजदूरों के पास जरूरी सेफ्टी गियर भी नहीं था। हालांकि, हादसा किस वजह से हुआ और निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
ये भी पढ़ें:
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहतबचाव कार्य कराया। तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एसएसपी श्लोक के मुताबिक, हादसे में तीन मजदूरों की मौत हुई है, जबकि एक मजदूर घायल है। पुलिस अब हादसे की वजह और निर्माण कार्य के दौरान किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं, इसकी जांच कर रही है। फिलहाल हादसे के बाद निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्य से जुड़े मानकों को लेकर जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें:



