Varanasi News: वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र में पीजी कर रही छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. श्रेया की लाश बच्छाव इलाके में एक किराए के कमरे के बाथरूम से बरामद हुई है. पुलिस के मुताबिक, छात्रा के गले पर धारदार हथियार से वार किया गया था, जबकि सिर पर भी किसी भारी वस्तु से चोट के निशान मिले हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। परिजनों ने परिवार के दूर के रिश्तेदार बताए जा रहे विवेक चौबे पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.

रोहनिया थाना क्षेत्र के मरुई की रहने वाली श्रेया उपाध्याय जगतगंज पीजी कॉलेज से केमिस्ट्री में एमएससी कर रही थी. परिजनों के मुताबिक, वह 18 अगस्त को रोज की तरह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटी. काफी समय बीत जाने के बाद परिवार को उसकी चिंता हुई तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की. परिजन कॉलेज पहुंचे तो वहां पता चला कि श्रेया उस दिन कॉलेज आई ही नहीं थी. इसके बाद परिवार ने आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की. जक्खिनी पुलिस चौकी पहुंचकर गुमशुदगी की तहरीर दी. पुलिस ने छात्रा की गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की.
मोबाइल लोकेशन के आधार पर घटनास्थल तक पहुंची थी पुलिस
पुलिस ने छात्रा के मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की. पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त की रात ही मोबाइल लोकेशन के आधार पर टीम संबंधित स्थान तक पहुंची थी. हालांकि, उस समय वहां से कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी और पुलिस टीम वापस लौट गई. इसके बाद पुलिस ने दोबारा जांच आगे बढ़ाई. आखिरकार बच्छाव इलाके में स्थित एक किराए के कमरे से श्रेया का शव बरामद किया गया. शव कमरे के बाथरूम में छिपाकर रखा गया था. शव मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.
गले और सिर पर मिले चोट के निशान
पुलिस के मुताबिक, श्रेया के गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया था. इसके अलावा उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान भी मिले हैं. पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह और चोटों की स्थिति को लेकर तस्वीर और स्पष्ट हो सकेगी।
परिजनों ने विवेक चौबे पर लगाया हत्या का आरोप
श्रेया के परिवार ने विवेक चौबे के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर दी है. परिवार का आरोप है कि विवेक ने ही श्रेया की हत्या की और शव को किराए के कमरे के बाथरूम में छिपाकर फरार हो गया. बताया जा रहा है कि विवेक परिवार का दूर का रिश्तेदार है. उसी ने यह कमरा किराए पर लिया था. परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने विवेक के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि आरोपी पर लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है. सभी तथ्यों को सबूतों के आधार पर परखा जाएगा.
आरोपी की तलाश में 4 पुलिस टीमें गठित
डीसीपी क्राइम नीतू कादयान के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया है. टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं. आरोपी की तलाश में जुटी हैं. पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, संपर्कों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि श्रेया आखिरी बार किसके संपर्क में थी और वह किराए के कमरे तक कैसे पहुंची. साथ ही घटना के समय कमरे में कौन मौजूद था, इसकी भी जांच की जा रही है.
प्रेम संबंध और शादी तय होने का एंगल भी जांच में
मामले में प्रेम संबंध से जुड़ा एक और पहलू सामने आया है. बताया जा रहा है कि श्रेया के पिता ने उसका विवाह पास के गांव के एक युवक से तय कर दिया था. इसी वजह से पुलिस प्रेम संबंध को लेकर विवाद की आशंका को भी जांच के दायरे में रख रही है. फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह पता लगाने में जुटी है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि श्रेया की हत्या क्यों और किस परिस्थिति में की गई?



