Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमतीनगर में एक खौफनाक वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. पारिवारिक कलह और रंजिश के चलते एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. गोमतीनगर थाने के पास स्थित ICICI बैंक की रिलेशनशिप मैनेजर दिव्या मिश्रा की उनके पति मानस बाजपेई ने दिनदहाड़े बैंक के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद आरोपी ने अपने घर पहुंचकर अपनी बहन की भी हत्या कर दी. फिर अंत में खुद को गोली उड़ाकर सुसाइड कर लिया. मृतका दिव्या मिश्रा मशहूर पत्रकार प्रज्ञा मिश्रा की बहन थीं.

गुरुवार सुबह दिव्या मिश्रा रोज की तरह गोमतीनगर स्थित अपने बैंक में काम कर रही थीं. सुबह बैंक पहुंचने के कुछ ही देर बाद उनके मोबाइल पर एक कॉल आया और उन्हें बैंक के गेट से बाहर बुलाया गया. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा आरोपी पति मानस दोनों हाथों में पिस्टल लेकर बैंक के बाहर खड़ा था. जैसे ही दिव्या बाहर आईं, उसने बातचीत की कोशिश की. दिव्या के अनदेखा करने पर आरोपी ने उन पर ताबड़तोड़ 2 गोलियां दाग दीं. गोली लगते ही दिव्या खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़ीं और आसपास अफरातफरी मच गई. गंभीर हालत में दिव्या को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
दूसरा और तीसरा हमला: घर पहुंचकर बहन की हत्या, फिर खुद को उड़ाया
बैंक के बाहर वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मानस बाजपेई ऑटो में सवार होकर हुसड़िया चौराहे स्थित अपने निवास पर पहुंचा. वहां जाकर उसने अपनी खौफनाक साजिश के दूसरे चरण को अंजाम दिया. घर पहुंचते ही मानस ने अपनी सगी बहन को भी गोलियों से भूनकर मौत के घाट उतार दिया. दोनों हत्याओं को अंजाम देने के बाद आरोपी मानस ने पिस्टल से खुद को भी गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. एक ही परिवार में हुई इन 3 मौतों के बाद इलाके में मातम और दहशत का माहौल है.
तलाक की अर्जी और पारिवारिक विवाद बनी वजह
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मानस और दिव्या के बीच लंबे समय से गंभीर पारिवारिक विवाद चल रहा था. विवाद इतना गहरा चुका था कि अदालत में तलाक की अर्जी भी दाखिल की जा चुकी थी. इसी रंजिश के सनक में आकर मानस ने पहले पत्नी, फिर बहन और अंत में खुद का अंत कर लिया.
थाने के बगल में वारदात, पुलिस जांच में जुटी
गोमतीनगर पुलिस स्टेशन के इतने करीब दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. क्राइम सीन को सील कर दिया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स और फोरेंसिक साक्ष्यों के जरिए मामले की जांच कर रही है.



