Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले के भोजपुर थाना क्षेत्र के रानीनागल गांव में इन दिनों एक अनोखी प्रेम कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है. यहां तीन बच्चों की मां तबस्सुम ने छह बच्चों के पिता मोहम्मद उमर के साथ जीवन बिताने का फैसला किया. दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और बताया जा रहा है कि उन्होंने परिवार से छिपकर निकाह और कोर्ट मैरिज भी कर ली थी. बाद में मामला सामने आने पर गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां दोनों ने साथ रहने की इच्छा जताई.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, तबस्सुम के पति रियाजुल की करीब पांच साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी. पति की मौत के बाद वह अपने तीन बच्चों की परवरिश ससुराल में रहकर कर रही थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी दौरान करीब तीन वर्ष पहले सिरसवां दौराहा क्षेत्र में उसकी मुलाकात कोरबांकू गांव निवासी मोहम्मद उमर से हुई. उमर पेशे से गाड़ी मैकेनिक बताए जा रहे हैं और उनके छह बच्चे हैं.
दोनों ने बिना बताए शादी कर ली
धीरेधीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और रिश्ता प्रेम में बदल गया. दोनों ने परिजनों को बिना बताए कलियर शरीफ में निकाह कर लिया. इसके बाद उन्होंने कोर्ट मैरिज की कानूनी औपचारिकताएं भी पूरी कीं. हालांकि, जब इस शादी की जानकारी तबस्सुम के ससुराल पक्ष और अन्य लोगों को हुई तो गांव में तरहतरह की चर्चाएं शुरू हो गईं.
मामला बढ़ने पर विवाद को सुलझाने के लिए ग्राम प्रधान जाहिद हुसैन और क्षेत्र के गणमान्य लोगों की मौजूदगी में पंचायत बुलाई गई. पंचायत में तबस्सुम और मोहम्मद उमर ने साफ तौर पर कहा कि वे अपनी मर्जी से एकदूसरे के साथ रहना चाहते हैं. दोनों की रजामंदी सामने आने के बाद पंचायत में उनके साथ रहने पर सहमति बनी.
दोनों ने साथ रहने की जताई इच्छा
बताया जा रहा है कि इसके बाद तबस्सुम को उसके बच्चों और गृहस्थी के सामान के साथ मोहम्मद उमर के साथ भेज दिया गया. वहीं, महिला के देवर ने पंचायत में कहा कि परिवार ने तबस्सुम को खुशी से रखा था, लेकिन अब वह अपनी इच्छा से जाना चाहती है तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है. ससुराल पक्ष ने भविष्य में महिला के साथ किसी तरह के रिश्ते या जिम्मेदारी से भी इनकार कर दिया.
फिलहाल रानीनागल गांव में यह प्रेम कहानी चर्चा का विषय बनी हुई है. दोनों ने अपनी जिंदगी साथ बिताने का फैसला किया है, जबकि पंचायत के बाद मामले को लेकर चल रहा विवाद भी फिलहाल शांत होता नजर आ रहा है.



