आजकल गाड़ी चलाते समय फोन का इस्तेमाल करना कितना खतरनाक हो सकता है, यह बात ज्यादातर लोग जानते हैं. ड्राइविंग के दौरान फोन पर बात करना, मैसेज पढ़ना या टाइप करना ध्यान भटका सकता है और कई बार इसका नतीजा गंभीर सड़क हादसे के रूप में सामने आता है. लेकिन अब एक नई रिसर्च ने म्यूजिक स्ट्रीमिंग और सड़क हादसों के बीच भी एक चिंताजनक कनेक्शन की ओर इशारा किया है.

अमेरिका में हुई इस रिसर्च में पाया गया कि जब कोई बड़ा और लोकप्रिय म्यूजिक एल्बम रिलीज होता है, तो उस दिन जानलेवा सड़क हादसों की संख्या औसतन 15.1% ज्यादा देखी गई. हालांकि, रिसर्च में यह साबित नहीं हुआ है कि सिर्फ म्यूजिक सुनने की वजह से हादसे होते हैं. इसमें मुख्य रूप से एल्बम रिलीज होने वाले दिनों और सड़क हादसों के बीच संबंध देखा गया है.
कैसे हुई रिसर्च?
यह स्टडी JAMA Network Open में प्रकाशित हुई है. Harvard के रिसर्चर्स ने अमेरिका में होने वाले जानलेवा सड़क हादसों के आंकड़ों का इस्तेमाल किया. इसके लिए उन्होंने फैसिलिटी एनालिसिस रिपोर्टिंग सिस्टम के डेटा को Spotify के स्ट्रीमिंग चार्ट और एल्बम रिलीज की तारीखों से मिलाकर देखा. रिसर्च में साल 2017 से 2022 तक करीब छह साल के आंकड़ों को शामिल किया गया. रिसर्चर्स ने सिर्फ हादसों की संख्या की तुलना नहीं की, बल्कि कई दूसरे फैक्टर्स को भी ध्यान में रखा. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इनमें हादसा किस समय हुआ, सप्ताह का कौन सा दिन था और वाहन में कितने लोग मौजूद थे जैसी चीजें शामिल थीं. इसके बावजूद बड़े एल्बम रिलीज वाले दिनों में जानलेवा हादसों में औसतन 15.1% की बढ़ोतरी देखने को मिली.
क्या म्यूजिक सुनना ही खतरनाक है?
यहां एक जरूरी बात समझना बहुत जरूरी है. स्टडी यह नहीं कहती कि गाड़ी चलाते समय म्यूजिक सुनना सीधे तौर पर खतरनाक है. रिसर्च में एल्बम रिलीज और हादसों के बीच एक संबंध मिला है, लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि म्यूजिक स्ट्रीमिंग ही हादसों की वजह है. असल खतरा उस समय बढ़ सकता है जब ड्राइवर नया गाना या एल्बम खोजने के लिए बारबार फोन या कार की स्क्रीन देखने लगे. Spotify जैसे ऐप पर नया म्यूजिक ढूंढने, प्लेलिस्ट बदलने या गाने सर्च करने में ड्राइवर का ध्यान सड़क से हट सकता है.
तेज म्यूजिक का भी असर?
कुछ दूसरी स्टडीज में यह संकेत मिले हैं कि बहुत तेज बीट या फास्टटेम्पो म्यूजिक सुनने से कुछ ड्राइवर ज्यादा आक्रामक तरीके से गाड़ी चला सकते हैं. हालांकि, हर व्यक्ति पर इसका असर एक जैसा नहीं होता. इसलिए समस्या सिर्फ म्यूजिक नहीं, बल्कि ड्राइविंग के दौरान ध्यान भटकना और फोन का इस्तेमाल ज्यादा महत्वपूर्ण मुद्दा है. अगर आप गाड़ी चलाते समय म्यूजिक सुनना पसंद करते हैं तो सबसे सुरक्षित तरीका है कि गाड़ी चलाने से पहले ही गाना या प्लेलिस्ट सेट कर लें. ड्राइविंग के दौरान बारबार फोन उठाकर गाना बदलने या नया एल्बम खोजने से बचना चाहिए. सिस्टम में वॉइस कमांड और हैंड्सफ्री फीचर्स भी ड्राइवर को स्क्रीन से दूर रखने में मदद कर सकते हैं.
सीधी बात यह है कि म्यूजिक सुनना अपने आप में खतरनाक साबित नहीं हुआ है, लेकिन ड्राइविंग के दौरान फोन पर म्यूजिक खोजने या बदलने से ध्यान जरूर भटक सकता है. सड़क पर आपकी नजर और ध्यान सबसे ज्यादा जरूरी है.



