उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. कटघर थाना क्षेत्र के कमला नगर पीतल बस्ती में 35 वर्षीय रितेश शर्मा का शव कमरे में फंदे से लटका मिला. पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ घंटे पहले रितेश का अपनी पत्नी शकुंतला से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसके बाद पत्नी घर से बाहर चली गई थी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

मूल रूप से संभल जिले के हजरतनगर गढ़ी निवासी रितेश शर्मा अपनी पत्नी शकुंतला के साथ कमला नगर पीतल बस्ती में मकान मालकिन पुष्पा के घर किराए पर रहता था. बताया गया है कि रितेश पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के तौर पर काम करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से उसके पास रोजगार नहीं था. काम छूटने के कारण परिवार आर्थिक परेशानी से गुजर रहा था.

परिजनों और आसपास के लोगों के मुताबिक, बेरोजगारी के चलते रितेश मानसिक दबाव में था. सोमवार दोपहर करीब 12 बजे किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया. कहासुनी बढ़ने के बाद शकुंतला घर से बाहर चली गई.

भाई को किया आखिरी फोन

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पत्नी के घर से निकलने के बाद रितेश कमरे में अकेला रह गया. इसी दौरान उसने नए मुरादाबाद इलाके में रहने वाले अपने भाई अनुज को फोन किया. अनुज के मुताबिक, रितेश ने फोन पर सिर्फ आई लव यू कहा और इसके बाद कॉल काट दिया.

भाई को उस समय बातचीत का मतलब समझ नहीं आया. कुछ घंटे बाद जब रितेश के बारे में जानकारी मिली तो परिवार में हड़कंप मच गया. घटना के बाद परिजनों का रोरोकर बुरा हाल है.

खिड़की से शव देखकर मकान मालकिन के उड़े होश

शाम करीब पांच बजे मकान मालकिन पुष्पा ऊपर कमरे की तरफ गईं. कमरे के अंदर कुछ असामान्य नजर आने पर उन्होंने खिड़की से झांककर देखा. रितेश का शव फंदे से लटका देखकर वह घबरा गईं और उनकी चीख निकल गई.

आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सूचना मिलते ही कटघर थाना प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने रितेश के मोबाइल फोन समेत अन्य पहलुओं की भी जांच शुरू कर दी है.

पुलिस के मुताबिक, मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के बाद ही हो सकेगी. मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे शव का पोस्टमार्टम कराया जाना है. परिवार के लोग भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचेंगे.

पत्नी की तलाश में जुटी पुलिस

घटना के बाद से रितेश की पत्नी शकुंतला का पता नहीं चल पाया है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पत्नी के मिलने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी, जिससे विवाद से पहले और बाद की परिस्थितियों की जानकारी मिल सके.

फिलहाल पुलिस मामले को हर पहलू से जांच रही है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.