
बिहार के लोगों के लिए केंद्र सरकार की तरफ से एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट कमेटी की बैठक में बिहार के विकास को एक नई रफ्तार देने वाले बड़े प्रोजेक्ट को हरी झंडी दे दी गई है। सरकार ने नेशनल हाईवे-31 (NH-31) और नेशनल हाईवे-231 (NH-231) के खगड़िया-पूर्णिया सेक्शन को अब शानदार फोर-लेन (4-Lane) में बदलने का फैसला किया है।
इस बेहद खास और बड़े हाईवे प्रोजेक्ट की कुल लंबाई 143.529 किलोमीटर होगी। सरकार इस चमचमाती सड़क को बनाने के लिए पानी की तरह पैसा बहाने जा रही है, जिसमें कुल 3936.05 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत आएगी। आपको बता दें कि इस पूरे प्रोजेक्ट को BOT यानी ‘बिल्ड-ऑपरेट-ट्रांसफर’ (टोल) मोड पर तैयार किया जाएगा।
खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया वालों की लॉटरी
सरकार के इस बड़े फैसले से बिहार के चार प्रमुख जिलों—खगड़िया, भागलपुर, कटिहार और पूर्णिया की तो जैसे लॉटरी लग गई है। कैबिनेट कमेटी के अनुसार, इस हाईवे के चौड़ा और अपग्रेड होने से इन चारों जिलों के लोगों को आए दिन लगने वाले भीषण जाम से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी। सड़क के खतरनाक तीखे मोड़, खराब डिजाइन और भीड़भाड़ वाले इलाकों को ठीक किया जाएगा, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी कम होगा।
इतना ही नहीं, इस पूरे प्रोजेक्ट के तहत पूर्णिया शहर के लोगों को जाम से बचाने के लिए 6.729 किलोमीटर लंबा एक बिल्कुल नया ग्रीनफील्ड बाईपास भी तोहफे में मिलेगा। इस प्रोजेक्ट के पूरा होते ही इन जिलों के बीच के सफर का समय घटकर सिर्फ दो घंटे रह जाएगा। समय बचने के साथ-साथ आपकी गाड़ी का माइलेज भी बढ़ेगा और सफर पहले से कहीं ज्यादा सुरक्षित और आरामदायक हो जाएगा। इससे पूरे इलाके की तस्वीर बदलेगी और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
बिहार में कनेक्टिविटी का नया दौर
यह नया हाईवे प्रोजेक्ट बिहार के सबसे महत्वपूर्ण आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक्स सेंटर्स को सीधे आपस में जोड़ने का काम करेगा। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यह सिर्फ एक सड़क नहीं है, बल्कि बिहार के विकास का एक नया गलियारा बनने जा रहा है।
यह पूरा कॉरिडोर 5 पीएम गति-शक्ति इकोनॉमिक नोड्स से जुड़ेगा, जिसमें 1 टेक्सटाइल क्लस्टर, 2 मेगा फूड पार्क और 2 फिशिंग सीफूड पार्क शामिल हैं। इसके साथ ही यह 11 लॉजिस्टिक नोड्स (4 बड़े रेलवे स्टेशन, 1 एयरपोर्ट, 4 नेशनल हाईवे और 2 स्टेट हाईवे) को भी आपस में कनेक्ट करेगा। इसके चालू होने से पूरे क्षेत्र में माल ढुलाई और यात्रियों का आना-जाना सुपरफास्ट स्पीड से होने लगेगा।



