Bagaha Murder Case: बिहार के बगहा पुलिस जिले में पेड़ से लटके युवक के शव की गुत्थी सुलझ गई है. जांच में सामने आया कि पत्नी के प्रेमी की हत्या कर उसे आत्महत्या का रूप देने की साजिश रची गई थी.

Bagaha Murder Case: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा पुलिस क्षेत्र में सामने आए एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. शुरुआती जांच में आत्महत्या लग रही यह घटना दरअसल प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सुनियोजित हत्या निकली. पुलिस के अनुसार पत्नी और उसके प्रेमी के बीच जारी संबंधों से परेशान पति ने अपने साथी के साथ मिलकर युवक की हत्या कर दी और बाद में शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की.

27 मई को बथवरिया थाना क्षेत्र के शेरा बाजार स्थित एक बगीचे में एक युवक का शव आम के पेड़ से लटका हुआ मिला था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। मृतक की पहचान 23 वर्षीय रंगीला यादव के रूप में हुई, जो बेतिया पुलिस जिले के नवलपुर थाना क्षेत्र स्थित चंद्रौल गांव का निवासी था. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मृतक के पिता की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया.

तकनीकी जांच ने खोला राज

पुलिस अधीक्षक रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि मामले की गहन तकनीकी जांच, कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर राजन यादव का नाम सामने आया. इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली

शादी के बाद भी जारी था प्रेम संबंध

जांच में सामने आया कि रंगीला यादव और आरोपी की पत्नी के बीच शादी से पहले से संपर्क था. विवाह के बाद भी दोनों के बीच बातचीत जारी रही. इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कई बार विवाद हुआ था. हालांकि चेतावनी और झगड़ों के बावजूद दोनों का संपर्क खत्म नहीं हुआ.

प्रेमिका बनकर बुलाया और रची हत्या की साजिश

पुलिस के अनुसार राजन यादव ने अपने सहयोगी सुधीर उर्फ कंच्छेदा के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. आरोपी ने अपनी पत्नी के मोबाइल का उपयोग कर आवाज बदलकर रंगीला को रात में बगीचे में मिलने के लिए बुलाया. प्रेमिका समझकर रंगीला वहां पहुंच गया.

गला दबाकर हत्या, फिर आत्महत्या का रूप

निर्धारित स्थान पर पहले से मौजूद आरोपियों ने रंगीला को पकड़ लिया और उसका गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए उसके ही गमछे से शव को आम के पेड़ से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या जैसा दिखाई दे.

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने मुख्य आरोपी राजन यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फोरेंसिक टीम, श्वान दस्ता और तकनीकी जांच की मदद से कुछ ही दिनों में इस जटिल मामले का खुलासा संभव हो पाया.