Himachal Se: उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित लाल बहादुर शास्त्री इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क अधिकारियों ने 19 करोड़ रुपए से अधिक मूल्य का गांजा जब्त कर थाइलैंड के छह नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया. सीमा शुल्क और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को बैंकॉक से एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान से आए यात्रियों की जांच के दौरान तीन पुरुषों और तीन महिलाओं को पकड़ा गया.

उन्होंने बताया कि नियमित जांच में संदेह होने पर उनके ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई और तलाशी के दौरान प्लास्टिक पैकेटों में छिपाया गया 19.7 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ.
अधिकारियों ने बताया कि जब्त किया गया मादक पदार्थ हाइड्रोपोनिक गांजा है, जो गांजे की उच्च क्षमता वाली किस्म है. इस गांजा को मिट्टी के बजाय पोषक तत्वों से भरपूर जलआधारित प्रणाली में उगाया जाता है. पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पहले भी कोलकातागया मार्ग से मादक पदार्थों की तस्करी कर चुके हैं.
जांच एजेंसियां थाइलैंड की एक अन्य महिला की भूमिका की भी जांच कर रही हैं. पुलिस के मुताबिक, सभी छह आरोपियों को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि तस्करी में शामिल बड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए मामले की जांच जारी है.



