Himachal Se: उत्तर प्रदेश के उन्नाव में शादीशुदा महिला कायनात की डेथ मिस्ट्री में अब नया मोड़ आया है. 15 मई को संदिग्ध हालात में महिला की लाश मिली थी. मृतका के शरीर पर मिले चोट के निशानों और ससुराल पक्ष की संदिग्ध भूमिका को देखते हुए हाईकोर्ट के आदेश पर शुक्रवार को कायनात का शव कब्र से बाहर निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया. प्रशासन और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया पूरी की गई. पोस्टमार्टम के बाद शव को फिर से सुपुर्दएखाक कर दिया गया. अब पीड़ित परिवार को नई पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है.

UP: उन्नाव में कब्र से निकाली गई ‘कायनात’ की लाश, HC ने दिया था आदेश, नई पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार​
UP: उन्नाव में कब्र से निकाली गई ‘कायनात’ की लाश, HC ने दिया था आदेश, नई पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार​

परिजनों के मुताबिक, कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के नेहुरा निवासी रफीक ने अपनी बेटी कायनात का निकाह 7 दिसंबर 2024 को उन्नाव के बांगरमऊ निवासी शींबू अंसारी के साथ किया था. परिवार का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा कायनात को प्रताड़ित किया जाने लगा था. 15 मई को अचानक शींबू के बड़े भाई बीनू का फोन आया, जिसमें बताया गया कि कायनात की तबीयत बेहद खराब है.

शव डीप फ्रीजर में रखा हुआ था

सूचना मिलते ही जब मायके वाले उन्नाव स्थित ससुराल पहुंचे तो वहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए. परिवार का आरोप है कि उस समय कायनात की मौत हो चुकी थी और उसका शव डीप फ्रीजर में रखा हुआ था. घर में केवल एक महिला मौजूद थी, जबकि पति शींबू समेत परिवार के बाकी सदस्य फरार थे. इस घटना के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए और हत्या की आशंका जताई.

घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया था. शुरुआती रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगाना बताया गया. इसके बाद शव को कानपुर के बेगमपुरवा बगाही ईदगाह कब्रिस्तान में दफना दिया गया. हालांकि, अंतिम संस्कार से पहले जब महिलाओं ने गुस्ल की रस्म के दौरान शव को देखा, तो उसके शरीर पर कई चोटों के निशान दिखाई दिए. इसके बाद परिवार ने पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सवाल उठाए और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हाईकोर्ट का रुख किया.

दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने शव को कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराने के आदेश दिए. आदेश के पालन में उन्नाव प्रशासन, एसडीएम और पुलिस टीम कानपुर पहुंची. मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्र से शव निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए उन्नाव भेजा गया. प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर शाम शव को वापस उसी कब्रिस्तान में दफना दिया गया.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं, मृतका के परिजन न्याय की मांग पर अड़े हुए हैं और उन्हें उम्मीद है कि दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कायनात की मौत का सच सामने आएगा.