Himachal Se: Bijnor News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां 12 साल बाद IVF तकनीक से मां बनी महिला और उसकी नवजात बच्ची की जान पर खतरा मंडरा रहा है. पीड़िता ने अपने पति, जेठ, जेठानी और अन्य ससुराल वालों पर मारपीट, प्रताड़ना और बच्ची को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है. SP अभिषेक झा के आदेश पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

12 साल बाद IVF से बनी मां, अब बच्ची की जान को खतरा; महिला बोली- ससुराल वाले बेटी को मार डालेंगे​
12 साल बाद IVF से बनी मां, अब बच्ची की जान को खतरा; महिला बोली- ससुराल वाले बेटी को मार डालेंगे​

12 साल बाद IVF तकनीक से मिली संतान

जानकारी के अनुसार, देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के दहीरपुर गांव निवासी फुरकान का निकाह करीब 12 साल पहले गुलशन के साथ हुआ था. शादी के शुरुआती कुछ वर्षों तक संतान न होने पर गुलशन को ससुराल में ताने दिए जाने लगे. पीड़िता का आरोप है कि उसे कम दहेज लाने को लेकर भी प्रताड़ित किया जाता था.

काफी इलाज के बाद भी जब संतान नहीं हुई, तब गुलशन ने अपने पति की सहमति से गाजियाबाद के एक अस्पताल में IVF तकनीक का सहारा लिया. इलाज सफल रहा और वह गर्भवती हो गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद परिवार में खुशियों की उम्मीद जगी, लेकिन यही बात ससुराल वालों के लिए विवाद का कारण बन गई.

जायदाद बंटने के डर से विरोध

गुलशन का आरोप है कि गर्भधारण की जानकारी मिलते ही उसके जेठ इमरान, जेठानी शमीमा और जेठानी के पिता शमीम ने विरोध शुरू कर दिया. उन्हें डर था कि बच्चा होने पर पैतृक संपत्ति का बंटवारा करना पड़ेगा. पीड़िता के मुताबिक, आरोपियों ने समाज में यह प्रचार करना शुरू कर दिया कि IVF तकनीक इस्लाम और शरीयत के खिलाफ है. इतना ही नहीं, उन्होंने गर्भ में पल रहे बच्चे को खत्म करने का दबाव भी बनाया.

मायके में की मारपीट

गुलशन ने बताया कि 4 अप्रैल को उसका पति फुरकान, जेठ इमरान, जेठानी शमीमा, ससुर इस्माइल और अन्य लोग उसके मायके गांव दौलताबाद पहुंचे. वहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और धमकी दी कि इस बच्चे को दुनिया में नहीं आने देंगे. मायके वालों के विरोध के बाद आरोपी वहां से चले गए. इसके बावजूद गुलशन ने हिम्मत नहीं हारी और 20 अप्रैल को एक बच्ची को जन्म दिया. अब पीड़िता का आरोप है कि ससुराल वाले नवजात बच्ची को भी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं.

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिजनौर SP अभिषेक झा के निर्देश पर थाना पुलिस ने पति फुरकान, जेठ इमरान, जेठानी शमीमा, ससुर इस्माइल, हनीशा और शमीम के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है. थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि पीड़िता के आरोपों और कोर्ट में दिए गए बयान के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पीड़िता को हरसंभव सुरक्षा व न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा.