Himachal Se: Bijnor News: यूपी के बिजनौर जिले में चोरी के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया. इतना ही नहीं उग्र भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और आरोपी को पुलिस कस्टडी से जबरन छुड़ाकर भगा दिया. इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की और अभद्रता भी की गई. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. घटना जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र की है.

शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव अलाउद्दीनपुर उर्फ जंदरपुर में ट्रांसफार्मर चोरी के आरोपी को पकड़ने पुलिस टीम पहुंची थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस को इलाके में लगातार हो रही ट्रांसफार्मर और अन्य सामान की चोरी की घटनाओं में नामजद एक आरोपी के गांव जंदरपुर में छिपे होने की सूचना मिली थी. बुधवार देर रात पुलिस टीम दबिश देने गांव पहुंची और आरोपी को पकड़कर गाड़ी में बैठ लिया.
पुलिस टीम को ग्रामीणों ने घेरा
बताया जा रहा है कि जैसे ही पुलिस टीम आरोपी को लेकर गांव से बाहर निकलने लगी, तभी आरोपी के परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते वहां भारी भीड़ जमा हो गई और पुलिस की गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया गया. भीड़ ने दरोगा विनय और सिपाही सन्नी मलिक के साथ धक्कामुक्की करते हुए आरोपी को छुड़ाने का प्रयास शुरू कर दिया.
भीड़ ने पुलिस के कब्जे से आरोपी को भगाया
हंगामे और अफरातफरी के बीच ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस की गाड़ी से नीचे उतारकर मौके से भगा दिया. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि उग्र भीड़ से घिरे दरोगा विनय अपनी सुरक्षा और टीम को बचाने के लिए हाथ में पिस्टल लेकर गाड़ी से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं.
घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है. वहीं एसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस टीम के साथ अभद्रता करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और आरोपी को भगाने वाले लोगों की पहचान की जा रही है.
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस मामले में 10 नामजद और करीब 50 अज्ञात ग्रामीणों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपी और उसे छुड़ाने वाले हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं.



