Himachal Se: घर में पड़े पुराने कपड़ों को अक्सर बेकार समझकर फेंक दिया जाता है या फिर वे किसी कोने में पड़ेपड़े धूल खा रहे होते हैं। लेकिन कई ऐसे कपड़े होते हैं जिनसे आप सुंदर और स्टाइलिश डोरमैट तैयार कर सकते हैं। इससे न सिर्फ पुराने कपड़ों का बेहतर इस्तेमाल होता है, बल्कि कम खर्च में आकर्षक होम डेकोर भी तैयार हो जाता है। आइए जानते हैं किन पुराने कपड़ों से डोरमैट बनाया जा सकता है और इसे बनाने का आसान तरीका क्या है।

पुरानी टीशर्ट से बनाएं डोरमैट
पुरानी कॉटन की टीशर्ट से बना डोरमैट मुलायम, रंगीन और आसानी से धोया जा सकने वाला होता है। इसे बनाने के लिए ज्यादा सामान की जरूरत भी नहीं पड़ती। टीशर्ट को साफ कर सुखा लें और नीचे से ऊपर तक 23 इंच चौड़ी लंबी पट्टियों में काट लें। अब तीन कपड़े की पट्टियों को लेकर चोटी बनाना शुरू करें। इसी तरह सारी स्ट्रिप्स को जोड़ते हुए लंबी चोटी तैयार कर लें।
अलगअलग रंग की टीशर्ट से डोरमैट ज्यादा आकर्षक दिखता है। तैयार ब्रेड को गोल या आयताकार आकार में घुमाते जाएं। हर लेयर को सुईधागे या फैब्रिक ग्लू की मदद से अच्छी तरह जोड़ें, ताकि ब्रेड खुलने न पाए। इसे ज्यादा सुरक्षित और मजबूत बनाने के लिए नीचे एंटीस्लिप रबर शीट चिपका सकते हैं। साथ ही किनारों को अच्छी तरह सिल दें और बाहर निकले धागों को काट दें।
पुरानी जींस से डोरमैट बनाने का तरीका
डेनिम जींस का कपड़ा काफी मजबूत होता है, ऐसे में इससे बना डोरमैट लंबे समय तक चल सकता है। जींस की जेब, चेन और मोटी सिलाई वाले हिस्से हटाकर बाकी कपड़े को लंबी पट्टियों या चौकोर टुकड़ों में काट लें। अगर आप ब्रेडेड स्टाइल बना रहे हैं तो तीन डेनिम स्ट्रिप्स की चोटी बनाएं। अगर पैचवर्क बना रहे हैं तो अलगअलग टुकड़ों को सिलकर बड़ा शीट जैसा आकार तैयार करें।
जींस का कपड़ा भारी होता है, इसलिए नीचे मजबूत रबर या पुराने मैट का बेस लगाना बेहतर होता है। इसके किनारों पर डबल सिलाई करें, ताकि कपड़ा जल्दी न उधड़े। बॉर्डर के लिए रंगीन कपड़े का इस्तेमाल कर सकते हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसे आप दरवाजे, बालकनी या कमरे के बाहर रख सकते हैं।
पुराने तौलियों से बनाए
पुराने टॉवेल पानी सोखने में काफी अच्छे होते हैं। इन्हें स्ट्रिप्स में काटकर सिलाई या बुनाई के जरिए डोरमैट का आकार दिया जा सकता है। खासतौर पर बाथरूम, किचन या बालकनी के बाहर ये काफी उपयोगी साबित हो सकते हैं। क्योंकि ये गीले पैरों की नमी आसानी से सोख लेते हैं।
ऊनी स्वेटर से बनाएं सुंदर डोरमैट
अगर आपके पास पुराने ऊनी स्वेटर हैं, तो उससे भी एक मुलायम और सुंदर डोरमैट तैयार कर सकते हैं। स्वेटर के अलगअलग हिस्सों को जोड़कर पैचवर्क डिजाइन भी बनाया जा सकता है, जिससे डोरमैट थोड़ा स्टाइलिश दिखता है। इसके नीचे रबर शीट लगा सकते हैं, जिससे ये फर्श पर बारबार खिसकेगा नहीं और फिसलने का खतरा भी कम हो जाएगा।



