Himachal Se: Gwalior Palak Rajak Case Update: मध्य प्रदेश ग्वालियर की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर पलक रजक की संदिग्ध मौत के मामले में फरार चल रहे आरोपी पति अमित रजक ने पुलिस के समक्ष सरेंडर कर दिया है. ग्वालियर से सामने आए इस चर्चित मामले ने अब नया मोड़ ले लिया है. पुलिस पहले ही पति, सास और देवर के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर चुकी थी. शनिवार को अमित ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया. जबकि, परिवार के अन्य दो आरोपी अब भी फरार बताए जा रहे हैं. मगर अभी भी इस केस में आरोपों का सिलसिला जारी है.

एक तरफ मृतका के भाई ने रोते हुए बताया कि मौत से ठीक आधे घंटे पहले पलक का आखिरी फोन आया था, जिसमें वो चीख रही थी कि भैया मुझे बचा लो ये मार डालेंगे. वहीं, दूसरी तरफ खुद को पलक की ननद बताने वाली एक अनजान महिला ने अचानक सामने आकर मृतका पर नशा करने के संगीन आरोप लगा दिए. इस पर भड़के पिता ने कहा सबूत लाओ मेरी मृत बेटी को बदनाम मत करो.
मामले में उस समय विवाद और बढ़ गया जब खुद को पलक की ननद बताने वाली एक महिला थाने पहुंची और उसने पलक पर कई गंभीर आरोप लगाए. महिला ने दावा किया कि पलक शराब, सिगरेट और गांजे का सेवन करती थी तथा सोशल मीडिया पर लड़कों के साथ रील्स बनाती थी. इन बयानों के बाद पलक के पिता मोहर सिंह रजक ने तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि यदि उनकी बेटी नशा करती थी तो आखिर ससुराल वालों ने उसे ये सब उपलब्ध क्यों कराया.
परिवार ने जांच प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल
उन्होंने ये भी कहा कि आरोप लगाने वाली महिला को वे पहचानते तक नहीं हैं और शादी के समय उन्हें परिवार के बारे में अलग जानकारी दी गई थी. परिवार ने मृत बेटी की छवि खराब करने की कोशिश का आरोप लगाया है. पलक के मायके पक्ष ने जांच प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि घटना के तुरंत बाद घटनास्थल को सुरक्षित नहीं किया गया और FSL टीम भी तीन दिन बाद पहुंची. परिजनों का आरोप है कि इस दौरान कई अहम सबूत मिटा दिए गए.
पलक के भाई ने किया ये दावा
भाई प्रिंस रजक के अनुसार, मौत से करीब आधे घंटे पहले पलक ने रोते हुए फोन किया था. उसने घबराई आवाज में कहा था कि उसे तुरंत वहां से ले जाया जाए, नहीं तो ससुराल वाले उसे मार डालेंगे. भाई जब उसे लेने के लिए निकला, तभी कुछ देर बाद सूचना मिली कि पलक अस्पताल में भर्ती है तभी अस्पताल पहुंचने पर परिवार ने उसे मृत अवस्था में देखा. इसके बाद अस्पताल में ही चीख पुकार मच गई.
शरीर पर मिले थे चोट के निशान
परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही कार की मांग को लेकर पलक को परेशान किया जा रहा था. इतना ही नहीं, शादी में मिली एफडीआर भी तुड़वाकर उससे पैसे लिए गए. परिजनों ने ये भी दावा किया कि अस्पताल में पलक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए थे. सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली पलक ने अपनी कई रील्स में मानसिक तनाव और टूटन के संकेत दिए थे. शादी की पहली सालगिरह पर पोस्ट की गई एक रील में उसने लिखा था कि वो बर्बादी की हर राह में खुद चलकर गई. वहीं, उसकी आखिरी पोस्टों में एंग्जायटी, डिप्रेशन, पैनिक अटैक और नींद न आने जैसी बातें सामने आई थीं.
गले और शरीर पर चोट के निशान और आखिरी इंस्टाग्राम रील्स में बयां दर्दनाक दास्तां, चीखचीख कर दहेज प्रताड़ना की कहानी कह रही है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। शादी की पहली सालगिरह पर पलक ने लिखा था कि सत्यानाश के रास्ते में मेरी VIP एंट्री हो गई. 30 जून को उसका 22वां जन्मदिन आने वाला था लेकिन उससे पहले ही उसकी जिंदगी खत्म हो गई जो अब कभी नहीं आएगा. फिलहाल, सास और देवर फरार हैं और पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी है.



