Himachal Se: Kanpur Double Murder: उत्तर प्रदेश के कानपुर में नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक मामूली बाइक टक्कर दोहरे हत्याकांड में तब्दील हो गई. काम से घर लौट रहे पिता और उनके दो बेटों पर दबंगों ने चाकू और हेलमेट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में पिता शिवनारायण त्रिवेदी और उनके बेटे शिवम की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा सत्यम गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है. सरेआम हुई इस दोहरी हत्या से पूरे इलाके में सनसनी और दहशत का माहौल है.

किदवई नगर निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटे शिवम और सत्यम के साथ मार्बल मार्केट स्थित कनक मार्बल में काम करते थे. रविवार शाम तीनों काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे. इसी दौरान नौबस्ता क्षेत्र में यशोदा नगर बाईपास के पास दूसरी बाइक से टक्कर हो गई. टक्कर के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई.
चाकू और हेलमेट से किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों ने अचानक चाकू निकालकर शिवनारायण और उनके दोनों बेटों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हेलमेट से भी जमकर वार किए. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. चीखपुकार सुन आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन दबंगों ने उन्हें भी अभद्रता से धमकाया. राहगीरों की सूचना पर नौबस्ता पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को तत्काल हैलट अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद शिवनारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया. सत्यम की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है.
CCTV खंगाल रही पुलिस
वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. हालांकि मौजूद भीड़ ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
परिवार में पसरा मातम
इस दोहरे हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और परिसर में करुण क्रंदन का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों में दबंगों के इस खूनी तांडव को लेकर जबरदस्त आक्रोश है और कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है.



