Himachal Se: Lucknow power cut protest: उत्तर प्रदेश के अलगअलग जिलों में भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं. राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, वहीं बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है. हालात ऐसे हैं कि गुस्साए लोग रात के अंधेरे में भी सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं, पावर हाउसों का घेराव कर रहे हैं और जगहजगह जाम लगा रहे हैं.

गुरुवार रात लखनऊ के कई इलाकों में बिजली संकट को लेकर भारी हंगामा देखने को मिला. गोमतीनगर सेक्टर5, जानकीपुरम, बनी, फैजुल्लागंज और इंदिरानगर सेक्टर25 समेत कई क्षेत्रों में लोगों ने पावर हाउसों का घेराव कर नारेबाजी की. प्रदर्शन इतना बढ़ गया कि पुलिस को मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत कराने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. कुछ जगहों पर हालात बिगड़ते देख बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी मौके से चले गए.
इनवर्टर भी जवाब दे गए
चिनहट इलाके के अशरफ विहार में गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे बिजली चली गई थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। रात साढ़े दस बजे महज 15 मिनट के लिए बिजली आई और फिर आपूर्ति ठप हो गई. देर रात करीब ढाई बजे दोबारा बिजली आई, लेकिन बारबार ट्रिपिंग होती रही. करीब 9 घंटे तक बिजली न रहने से इनवर्टर भी जवाब दे गए. सबसे ज्यादा परेशानी बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को उठानी पड़ी. लोग घरों के भीतर गर्मी से बेहाल होकर छतों, सड़कों, पार्कों और बालकनियों में रात बिताने को मजबूर दिखे.
मोहान रोड स्थित बृद्धेश्वर चौराहे के पास भी लोगों ने करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया. इसके चलते एक्सप्रेसवे की ओर जाने वाले वाहनों को आगरालखनऊ टिकुनिया रोड से डायवर्ट करना पड़ा. उतरेठिया अंडरपास के पास रायबरेली रोड पर भी करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा. प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिस पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई.
बिजली संकट को लेकर विरोध प्रदर्शन
बीते तीन दिनों से लगातार अलगअलग इलाकों में बिजली संकट को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी हैं. मंगलवार और बुधवार की रात को भी उत्तरेठिया न्यू एवं ओल्ड पावर हाउस, बीबीएयू पावर हाउस और फैजुल्लागंज उपकेंद्र पर लोगों ने हंगामा किया था. इसी बीच फैजुल्लागंज उपकेंद्र में संविदा लाइनमैन उदय राज की 11 हजार वोल्ट लाइन पर काम करते समय करंट लगने से मौत हो गई, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया.
बिजली संकट को लेकर अब जनप्रतिनिधियों ने भी आवाज उठानी शुरू कर दी है. सरोजनीनगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने ऊर्जा मंत्री को 10 पन्नों का शिकायती पत्र भेजा है. उन्होंने लखनऊ समेत कई क्षेत्रों में लो वोल्टेज, ट्रिपिंग और लगातार कटौती की समस्या का जिक्र किया. भाजपा विधायक नीरज बोरा ने भी बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग उठाई है.
यह संकट सिर्फ लखनऊ तक सीमित नहीं है. गोंडा, कानपुर, सुल्तानपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में लोग बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं. विपक्षी दल भी इस मुद्दे को लेकर सरकार पर निशाना साध रहे हैं. लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही, पुराना इंफ्रास्ट्रक्चर, ट्रांसफार्मरों की कमी और ओवरलोडिंग के कारण हर साल गर्मियों में यही हालात बन जाते हैं. हालांकि बिजली विभाग ने जल्द सुधार का भरोसा दिया है, लेकिन फिलहाल जनता गर्मी और बिजली संकट से बेहाल है.



