Himachal Se: चेहरे से वॉटरप्रूफ मेकअप, हैवी फाउंडेशन और लंबे समय तक टिकने वाले प्रोडक्ट्स को हटाना बेहद जरूरी होता है। ऐसा न करने से स्किन प्रॉब्लम हो सकती हैं। अगर सही तरीके से मेकअप को रिमूव किया जाए तो त्वचा को नुकसान पहुंचाए बिना डीप क्लीन करने में मदद मिल सकती है। दिनभर का मेकअप, पसीना और प्रदूषण अगर रातभर चेहरे पर रह जाए, तो इससे रोमछिद्र बंद हो सकते हैं। इसकी वजह से मुहांसे, डलनेस, जलन और स्किन इरिटेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए सोने से पहले मेकअप हटाना बेहद जरूरी होता है।

यूं तो बाजार में बाजार में कई तरह के मेकअप रिमूवर मिलते हैं। इसमें से कई में अल्कोहल और तेज केमिकल्स होते हैं। जो कुछ लोगों की त्वचा को ड्राई या संवेदनशील बना सकते हैं। ऐसे में प्राकृतिक तेलों से की जाने वाली ऑइल क्लींजिंग एक आसान विकल्प हो सकती है। सोलफ्लावर स्किनकेयर ब्रांड के एमडी अमित सरदा के अनुसार ऑइल क्लींजिंग त्वचा को प्राकृतिक रूप से साफ करने का सबसे प्रभावी तरीका है। ऑइल क्लींजिंग शुरू करने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।
क्या होती है ऑइल क्लींजिंग ?
ऑइल क्लींजिंग एक स्किनकेयर तकनीक है। इसमें चेहरे पर मौजूद मेकअप, सनस्क्रीन, अतिरिक्त तेल, धूल और गंदगी को साफ करने के लिए खास तरह के तेलों का इस्तेमाल किया जाता है।आजकल कई लोग मेकअप हटाने के लिए ऑइल क्लींजिंग को अपनी स्किनकेयर रूटीन का हिस्सा बना रहे हैं। स्किन टाइप के हिसाब से कौनसा तेल इस्तेमाल करें, आइए जानें। अगर आप ऑयल क्लींजिंग में नए हैं, तो आपको यह पता होना चाहिए कि कौन से तेलों का मिश्रण सबसे अच्छा काम करता है।
तैलीय त्वचा: सरदा के अनुसार, “अरंडी का तेल, अंगूर के बीज का तेल और लैवेंडर एसेंशियल ऑयल” का मिश्रण सबसे अच्छा काम करता है। यह मिश्रण अतिरिक्त तेल को बैलेंस करने में मदद कर सकता है।
शुष्क त्वचा: अरंडी के तेल, जैतून के तेल और रोज़मेरी एसेंशियल ऑयल की बराबर मात्रा लेकर आप ऑइल क्लींजिंग कर सकते हैं। यह मिश्रण त्वचा को नमी देने में मदद कर सकता है।
सामान्य त्वचा: सरदा अरंडी के तेल, आर्गन तेल और इलंगइलंग एसेंशियल ऑयल का सुझाव देती हैं। यह स्किन को साफ करने के साथ पोषण भी देता है।
ऑइल क्लींजिंग से मेकअप हटाने का सही तरीका
- चेहरे को पानी से गीला न करें। सबसे पहले हाथ साफ करें, ताकि चेहरे पर बैक्टीरिया न जाएं।
- अपने स्किन के हिसाब से ऑयल मिश्रण की कुछ बूंदें हथेलियों में लें और सीधे चेहरे पर लगाएं। हल्के हाथों से 12 मिनट तक मसाज करें। आंखों के आसपास बहुत जोर से रगड़ें नहीं। वॉटरप्रूफ मेकअप वाले हिस्सों पर थोड़ा ज्यादा समय दें।
- एक साफ मुलायम कपड़ा या वॉशक्लॉथ गुनगुने पानी में भिगोकर निचोड़ लें। अब इसे कुछ सेकंड के लिए चेहरे पर रखें। इससे रोमछिद्र नरम होते हैं। तेल और गंदगी हटाने में आसानी होती है। इसके बाद कपड़े से चेहरे को हल्के हाथों से पोंछ लें।
- जरूरत हो तो दोबारा साफ कर सकते हैं। अगर चेहरा बहुत भारी मेकअप वाला है, तो यही प्रक्रिया दोबारा करें।
- अब आपको फेस वॉश और स्किनकेयर करना है। हल्के फेस वॉश से चेहरा धो लें। इसके बाद टोनर, सीरम और मॉइश्चराइजर लगाएं।
ऑइल क्लींजिंग करते समय किन बातों का रखें ध्यान?
एसेंशियल ऑयल सीधे चेहरे पर न लगाएं, हमेशा किसी कैरियर ऑयल में मिलाएं। पहली बार इस्तेमाल से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। बहुत ज्यादा तेल लगाने से त्वचा भारी महसूस हो सकती है। अगर त्वचा पर जलन या रैश हो, तो इस्तेमाल बंद कर दें। आंखों में तेल जाने से बचाएं। कॉमेडोजेनिक तेल हर स्किन टाइप पर सूट नहीं करते हैं।
क्या ऑइल क्लींजिंग सभी के लिए सही है?
ऑइल क्लींजिंग कई लोगों के लिए फायदेमंद हो सकती है, लेकिन हर त्वचा अलग होती है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। बहुत संवेदनशील या गंभीर एक्ने वाली त्वचा पर कोई नया तेल इस्तेमाल करने से पहले त्वचा विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर होता है। सही तेल और सही मात्रा का चुनाव ही इस तकनीक को असरदार बनाता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी और स्किनकेयर अवेयरनेस के उद्देश्य से तैयार किया गया है। हर व्यक्ति की त्वचा अलग होती है, इसलिए किसी भी तेल, एसेंशियल ऑयल या घरेलू उपाय का असर त्वचा के प्रकार और संवेदनशीलता के अनुसार बदल सकता है। अगर आपकी त्वचा बहुत संवेदनशील है, एक्ने, एलर्जी, जलन या किसी स्किन संबंधी समस्या से प्रभावित है, तो त्वचा विशेषज्ञ की सलाह लेने के बाद ही किसी नए प्रोडक्ट या तकनीक का इस्तेमाल करें।



