Himachal Se: सांप का काटना एक ऐसी आपातकालीन स्थिति है जिसमें घबराहट और गलत जानकारी जानलेवा साबित हो सकती है। भारत में सांपों की कई प्रजातियां पाई जाती हैं, जिनमें से कुछ बहुत ज्यादा विषैली होती हैं। सही समय पर सही कदम उठाने से जान बचाई जा सकती है। कई लोगों की सही समय पर सही उपचार न मिलने के कारण मौत हो जाती है। ऐसे में यहां हम आपको बताने जा रहे हैं सांप काटने के तुरंत बाद क्या करना चाहिए और क्या नहीं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।

1. घबराएं नहीं
सांप के काटने पर शरीर में एड्रेनालिन का लेवल बढ़ जाता है। यदि आप घबराते हैं, तो दिल की धड़कन तेज हो जाती है, जिससे जहर शरीर में और भी तेजी से फैलता है। इसलिए सबसे पहले खुद को या पीड़ित को शांत करें। यह याद रखें कि हर सांप जहरीला नहीं होता और सही इलाज से जान बचाई जा सकती है।
2. हलचल कम करें
जिस अंग जैसे हाथ या पैर पर सांप ने काटा है, उसे बिल्कुल न हिलाएं। हिलनेडुलने से मांसपेशियां एक्टिव होती है और जहर लिंफैटिक सिस्टम के जरिए तेजी से खून में पहुंचता है। जिसकी वजह से जान जा सकती है।
3. गहने और तंग कपड़े उतार दें
सांप के काटने के बाद शरीर में सूजन आना सामान्य है। यदि पीड़ित ने अंगूठी, घड़ी, चूड़ियां या तंग कपड़े पहने हैं, तो उन्हें तुरंत उतार दें। सूजन बढ़ने पर ये चीजें रक्त संचार को रोक सकती हैं, जिससे अंग खराब होने का खतरा बढ़ जाता है।
4. घाव को साफ करें
घाव को धीरे से साफ पानी या साबुन से धोया जा सकता है, लेकिन उस पर पट्टी बांधते समय ध्यान रखें कि वह बहुत अधिक कसी हुई न हो। घाव को खुला छोड़ना या हल्का ढंकना बेहतर होता है।
5. तुरंत अस्पताल पहुंचें
एकमात्र प्रभावी इलाज एंटीवेनम है। झाड़फूंक या घरेलू नुस्खों के चक्कर में समय बर्बाद करना मौत को बुलावा देना है। पीड़ित को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल या ऐसे केंद्र पर ले जाएं जहां एंटीवेनम उपलब्ध हो।
क्या बिल्कुल न करें?
जहर चूसने की कोशिश न करें
मुंह से जहर चूसना केवल फिल्मों में अच्छा लगता है। असल जिंदगी में यह चूसने वाले और पीड़ित दोनों की जान जा सकती है।
चीरा न लगाएं
घाव पर ब्लेड या चाकू से कट न लगाएं। इससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
रस्सी से कसकर न बांधे
खून रोकने के लिए रस्सी या पट्टी को बहुत कसकर बांधने से उस अंग में ब्लड फ्लो पूरी तरह बंद हो सकता है, जिससे अंग काटने की नौबत आ सकती है।



