
इस्लामाबाद: ईरान-अमेरिका वार्ता कवर करने के लिए पाकिस्तान गए पत्रकारों का इस्लामाबाद में एक कार्यक्रम में जाना विवाद का सबब बन गया है। इस्लामाबाद में पाकिस्तानी पत्रकारों के एक ग्रुप ने विदेशी रिपोर्टरों के लिए अनौपचारिक कार्यक्रम आयोजित किया था। कार्यक्रम विवादों में घिर गया क्योंकि इसके मंच से पाक आर्मी चीफ असीम मुनीर और पीएम शहबाज शरीफ पर जमकर निशाना साधा गया। इस्लामाबाद में इस कार्यक्रम में शामिल हुईं अमेरिकी पत्रकार केटलिन डोर्नबोस ने इसे एक धोखा करार दिया है।
केटलिन उन पत्रकारों में शामिल थीं, जो अमेरिका-ईरान शांति वार्ता को कवर करने के लिए पाकिस्तान आए थे। उन्हें इस्लामाबाद प्रेस क्लब में एक अनौपचारिक ‘मिलने-जुलने’ (मीट एंड ग्रीट) के कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस कार्यक्रम में राजनीतिक बयानबाजी का जिक्र करते हुए कैटलिन डोर्नबोस ने कहा कि उनका ‘इस्तेमाल’ किया गया है।
विदेशी पत्रकार हैरान रह गए
जानकारी के मुताबिक, इस कार्यक्रम में पाकिस्तान के दो पत्रकारों- मतिउल्लाह जान और असद अली तूर ने देश में प्रेस की आजादी और पत्रकारों के उत्पीड़न का मुद्दा उठाया। उन्होंने शहबाज शरीफ सरकार की आलोचना करते हुए गैर-न्यायिक हत्याओं पर चिंता जताई। साथ ही असीम मुनीर को भी निशाने पर लिया।
कार्यक्रम के बाद विदेशी और पाकिस्तानी पत्रकारों की ग्रुप फोटो और बयान जारी किया गया। इससे यह संकेत मिला कि वे सरकार की आलोचना के साथ एकजुटता दिखा रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान आए विदेशी पत्रकारों ने ना सिर्फ इस पर सफाई दी बल्कि यह भी कहा कि उनको कार्यक्रम की सही जानकारी नहीं दी गई।
डोर्नबोस ने दिखाया सख्त रुख
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्टर डोर्नबोस ने सबसे पहले इस कार्यक्रम से खुद को अलग किया, जिन्हें ट्रंप समर्थक माना जाता है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि वह ठगा महसूस कर रही हैं क्योंकि वह इस कार्यक्रम में एक पेशेवर हैसियत से शामिल हुई थीं। उन्हें यह उम्मीद नहीं थी कि उनकी तस्वीरें किसी राजनीतिक नैरेटिव में इस्तेमाल होंगी।
डोर्नबोस ने अपनी तस्वीरों के इस्तेमाल पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि क्या किसी ने उन विदेशी पत्रकारों से पूछा कि उनको कैसे लगेगा, जिनकी तस्वीरें इस मामले से जोड़ी गईं। हम यहां मेहमान हैं और हमें इस तरह की राजनीति में नहीं घसीटा जाना चाहिए था। उनकी पोस्ट की पाकिस्तान में काफी ज्यादा चर्चा है।
पाकिस्तानी पत्रकार ने इस्तीफा दिया
इस्लामाबाद में इस कार्यक्रम पर विवाद खड़ा होने के तुरंत बाद ही इसका असर देखा गया। विवाद के बाद पत्रकार मतिउल्लाह जान ने नियो न्यूज टीवी से इस्तीफे का ऐलान कर दिया। उन्होंने कहा कि यह पहली बार नहीं है और ना ही यह पहली सरकार है, जब ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा है। इससे पता चलता है कि कार्यक्रम में शामिल लोगों को सरकार के दबाव का सामना करना पड़ रहा है।