
हिसार। हरियाणा के हिसार जिले के बरवाला चुंगी के नजदीक विकास नगर में बुधवार शाम को एक कबाड़ी के पास से सेना के चार जिंदा 51 एमएम मोर्टार राउंड मिले। सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस को जब इस बात का पता चला तो हड़कंप मच गया।
पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने चारों मोर्टार को अपने कब्जे में लेकर वीरवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सुरक्षित स्थान पर नष्ट किया। मोर्टार मिलने के बाद सेना के अधिकारियों ने भी पुलिस से संपर्क किया और जानकारी जुटाई।
शहर थाना पुलिस अब यह पता लगा रही है कि कबाड़ी को ये मोर्टार कहां से मिले। सिटी थाना प्रभारी अमित कुंडू ने बताया कि जो विस्फोटक मिला है उस मामले में जांच कर रहे हैं। विस्फोटक को नष्ट करवा दिया गया है।
कबाड़ी ने फोन कर पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार आंबेडकर बस्ती में रहने वाला विजय नायक कबाड़ी का काम करता है। उसने बुधवार शाम को शहर थाना पुलिस को सूचना दी कि उसे कबाड़ में कुछ संदिग्ध सामान मिला है जो बम भी हो सकता है। जब इस बात की सूचना मिली तो पु़लिस बिना देरी के विकास नगर स्थित खाली प्लॉट में पहुंची जहां पर संदिग्ध सामान रखा था।
पुलिस ने संदिग्ध सामान देखा तो उनके होश उड़ गए। पता चला कि ये सेना के मोर्टार हैं। इस बारे में पड़ाव चौकी प्रभारी विक्रम ने अपने आला अधिकारियों को सूचना दी। फिर बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंची और मोर्टार को कब्जे में लिया।
सुनसान जगह पर किए नष्ट
वीरवार सुबह से ही सेना के मोर्टार को नष्ट करने का काम शुरू किया गया। जेसीबी की सहायता से सुरक्षित स्थान पर दो गड्ढे खोदे गए। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दोपहर को बम निरोधक दस्ते की टीम ने चारों मोर्टार को दोनों गड्ढे में दबाया। उसके बाद बारूद से मोर्टार को नष्ट किया गया। शहर थाना पुलिस कबाड़ी से गहनता से पूछताछ की रही है कि ये मोर्टार कहां से मिले।