
Aaj Ka Mausam Live: देश के कई राज्यों में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है. उत्तर भारत में तो मानों आसमान से आग बरस रही है. उत्तर प्रदेश से लेकर मध्यप्रदेश तक कई शहरों में तापमान 40 के पार जा चुका है. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों के लिए राहत की खबर दी है. मौसम विभाग के अनुसार अप्रैल का आखिरी सप्ताह आते-आते मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है.
एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जो उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक असर दिखाएगा. IMD के अुसार आने वाले दिनों में आंधी-तूफान, तेज हवाएं और बारिश कई राज्यों में दस्तक देंगी. हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यही वजह है कि 13 राज्यों में मौसम पलटने का अलर्ट जारी किया गया है. कहीं लू चलेगी तो कहीं ओलावृष्टि होगी. कहीं आसमान साफ रहेगा तो कहीं अचानक बादल छा जाएंगे. इस बदलते मौसम के पीछे कई वेदर सिस्टम एक साथ काम कर रहे हैं.
फिलहाल देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ रही है. तापमान 40 डिग्री के पार जा चुका है. लेकिन राहत की उम्मीद भी साथ-साथ बनी हुई है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 36 घंटों में पहाड़ी क्षेत्रों पर असर दिखेगा और धीरे-धीरे इसका प्रभाव मैदानी इलाकों तक पहुंचेगा. तेज हवाएं चलेंगी. गरज-चमक के साथ बारिश होगी. कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं. वहीं पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. दक्षिण भारत में भी नया सिस्टम एक्टिव हो रहा है. यानी देश के हर हिस्से में मौसम का अलग-अलग रंग देखने को मिलेगा. यही कारण है कि यह हफ्ता मौसम के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है. लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
दिल्ली-NCR में लू और फिर राहत के संकेत
दिल्ली-एनसीआर में इस समय गर्मी अपने चरम पर है और लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाएं शरीर को झुलसा देने वाली महसूस हो रही हैं. तापमान लगातार 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है और कुछ इलाकों में यह 42 डिग्री तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक लू का असर और तेज हो सकता है, इससे बाहर निकलना मुश्किल हो जाएगा. हवा की गति 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच रहने का अनुमान है, लेकिन यह गर्म हवाएं ही होंगी जो राहत देने के बजाय परेशानी बढ़ाएंगी. खासकर दोपहर के समय हालात ज्यादा खराब रहेंगे. हालांकि 25 अप्रैल के बाद मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है. आसमान में आंशिक बादल छाने लगेंगे, जिससे सीधे धूप का असर कुछ कम होगा. इसके बाद 27 से 28 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है. यह बारिश गर्मी से कुछ राहत जरूर दे सकती है और तापमान में गिरावट ला सकती है. लेकिन तब तक लोगों को सावधानी बरतनी होगी. अधिक पानी पीना, धूप से बचना और जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलना बेहद जरूरी है.