मुंबई: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में प्रेमिका का बॉयफ्रेंड ही चोर बन गया। साकीनाका इलाके में एक बार सिंगर महिला के घर से करीब 30 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने महिला के ही प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 43 वर्षीय मजहर अंसारी के रूप में हुई है।

खुद की कमाई से खरीदे थी ज्वैलरी

पुलिस के मुताबिक 35 साल पीड़िता मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली है और पिछले 16 सालों से मुंबई में रह रही है। वह साकीनाका स्थित एक बार में सिंगर का काम करती है। उसने अपनी कमाई से सोने-चांदी के गहने और करीब साढ़े 30 लाख रुपये नकद जमा कर रखे थे। 12 अप्रैल की शाम महिला काम पर गई थी। रात करीब डेढ़ बजे जब वह घर लौटी तो देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है और अलमारी से गहने व नकदी गायब हैं। इसके बाद उसने साकीनाका पुलिस स्टेशन में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की शिकायत दर्ज कराई।

महिला की जमा-पूंजी थी जानकारी

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी मजहर को महिला की जमा पूंजी की पूरी जानकारी थी। वह अक्सर उससे पैसे मांगता था, लेकिन पिछले दिनों महिला ने मजहर को पैसे देने से मना कर दिया था। पुलिस ने मुखबिर की मदद से मजहर का लोकेशन घाटकोपर में ट्रेस कर उसको वहां से हिरासत में लिया। पूछताछ में मजहर ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उसने ही सिंगर के घर की चाबी का इस्तेमाल कर चोरी को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से 27 लाख रुपये के गहने बरामद किए हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। स्थानीय अदालत ने आरोपी को पुलिस हिरासत में भेज दिया है। सीनियर पीआई सुनील यादव के नेतृत्व में पीएसआई सुहास कांदे की टीम केस की आगे की जांच कर रही है।