
Delhi Crime News: दक्षिणपूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके अमर कॉलोनी से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है. यहां एक आईआरएस (IRS) अधिकारी की 21 वर्षीय बेटी की उसके घर के भीतर ही नृशंस हत्या कर दी गई. इस घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मृतका 1997 बैच के एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की बेटी थी. इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए यूपीएससी (UPSC) की तैयारी कर रही थी. घर के सुरक्षित माहौल में हुई इस हत्या ने पूरे प्रशासनिक अमले को हिलाकर रख दिया है.
दुष्कर्म के बाद चार्जर की तार से घोंटा गला
वारदात की क्रूरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हत्यारों ने युवती को संभलने तक का मौका नहीं दिया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस की शुरुआती तफ्तीश के अनुसार, हत्या से पहले युवती के साथ दुष्कर्म किए जाने की प्रबल आशंका है. इसके बाद हत्यारे ने मोबाइल चार्जर की तार से उसका गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया.
पुराने नौकर पर गहराया शक
पुलिस की प्राथमिक जांच में शक की सुई घर के एक पुराने नौकर पर टिकी है. राजस्थान का रहने वाला यह नौकर करीब दो महीने पहले तक इसी घर में कार्यरत था, लेकिन उसके व्यवहार के कारण उसे काम से निकाल दिया गया था. चश्मदीदों और शुरुआती साक्ष्यों के अनुसार, बुधवार सुबह वह अचानक दोबारा अधिकारी के घर पहुंचा था, जिसके बाद से ही वो लापता है.
आरोपी की तलाश में जुटी टीमें
घटना की सूचना मिलते ही दक्षिणपूर्वी दिल्ली के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ताकि दुष्कर्म की पुष्टि हो सके. आरोपी नौकर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है.
(खबर अपडेट की जा रही है)