Meta अपने पॉपुलर मैसेजिंग ऐप WhatsApp के लिए एक नया सब्सक्रिप्शन फीचर टेस्ट कर रही है, जिसका नाम “WhatsApp Plus” रखा गया है. यह एक ऑप्शनल (वैकल्पिक) सर्विस होगी, यानी जो यूजर्स चाहें वही इसके लिए पैसे देकर इसे इस्तेमाल कर सकेंगे. इसका मकसद WhatsApp को ज्यादा पर्सनल और कस्टमाइज़ेबल बनाना है.

क्या है WhatsApp Plus?
WhatsApp Plus असल में एक “कॉस्मेटिक अपग्रेड” है, यानी यह ऐप के लुक और एक्सपीरियंस को बदलने पर ज्यादा फोकस करता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह फीचर उन यूजर्स के लिए बनाया जा रहा है जो अपने WhatsApp को साधारण ग्रीन-व्हाइट डिजाइन से हटकर अलग स्टाइल में इस्तेमाल करना चाहते हैं.

इस नए सब्सक्रिप्शन में कई ऐसे फीचर्स मिल सकते हैं जो फ्री यूजर्स को नहीं मिलते. सबसे बड़ा बदलाव यह हो सकता है कि जहां अभी यूजर सिर्फ 3 चैट्स को पिन कर सकते हैं, वहीं सब्सक्राइबर 20 चैट्स तक पिन कर पाएंगे. इसके अलावा यूजर्स को नए चैट थीम्स और कस्टम ऐप आइकन मिल सकते हैं, जिससे WhatsApp का पूरा लुक बदला जा सकेगा. नोटिफिकेशन को भी ज्यादा पर्सनल बनाया जा सकेगा. यानी आप अलग-अलग चैट या ग्रुप के लिए अलग रिंगटोन और अलर्ट सेट कर पाएंगे. साथ ही कॉन्टैक्ट्स और ग्रुप्स को बेहतर तरीके से कैटेगरी में मैनेज करने के नए ऑप्शन भी मिल सकते हैं.

कितनी हो सकती है कीमत?
अभी Meta ने WhatsApp Plus की कीमत को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक, यूरोप में इसकी कीमत करीब €2.49 प्रति महीना हो सकती है. वहीं कुछ देशों में यह सस्ती भी हो सकती है. कंपनी टेस्टिंग के दौरान यूजर्स को एक महीने का फ्री ट्रायल भी दे सकती है.

कब होगा लॉन्च?
फिलहाल WhatsApp Plus अभी बीटा टेस्टिंग स्टेज में है, यानी इसे सीमित यूजर्स के साथ टेस्ट किया जा रहा है. इसलिए अभी यह तय नहीं है कि यह फीचर कब सभी यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा और इसमें कौन-कौन से फीचर्स फाइनल रहेंगे.

दूसरे ऐप्स की तरह नया कदम
Meta का यह कदम नया नहीं है. इससे पहले Snapchat और Instagram भी अपने पेड वर्जन लॉन्च कर चुके हैं. इन प्लेटफॉर्म्स ने भी यूजर्स को एक्स्ट्रा फीचर्स और कस्टमाइजेशन के लिए सब्सक्रिप्शन मॉडल अपनाया है.

क्या यूजर्स को करना होगा पेमेंट?
ध्यान देने वाली बात यह है कि WhatsApp का बेसिक वर्जन फ्री ही रहेगा. WhatsApp Plus सिर्फ उन यूजर्स के लिए होगा जो एक्स्ट्रा फीचर्स और पर्सनलाइजेशन चाहते हैं.

क्या बदलेगा यूजर एक्सपीरियंस?
अगर WhatsApp Plus लॉन्च होता है, तो यह ऐप के इस्तेमाल के तरीके को बदल सकता है. यूजर्स अपने हिसाब से ऐप को डिजाइन कर पाएंगे, चैट्स को बेहतर तरीके से मैनेज कर पाएंगे और नोटिफिकेशन को कंट्रोल कर पाएंगे. हालांकि, यह देखना दिलचस्प होगा कि कितने लोग इन फीचर्स के लिए पैसे खर्च करने को तैयार होते हैं.