
कानपुर। कानपुर में जुड़वां बेटियों की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है। चंडीगढ़ की महिला से दोस्ती घरेलू कलह का कारण बन गई थी। दोनों के बेडरूम पूरी तरह अलग हो गए। अघोषित रूप से बच्चे भी दोनों के बीच बंट से गए थे।
कानपुर के किदवईनगर के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में हुए जुड़वां बहनों की हत्या के मामले में चौंकाने वाले पहलू सामने आ रहे हैं। पुलिस जांच में यह बात निकलकर आई है कि हत्यारोपी पिता का मां से लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों एक छत के नीचे रहते जरूर थे लेकिन कमरे अलग-अलग हैं।
इसकी बड़ी वजह चंडीगढ़ की एक महिला से आरोपी की नजदीकी बताई जा रही है। हालांकि अभी तक हत्याकांड की कोई वजह सामने नहीं आई है। पत्नी रेशमा के अनुसार, आरोपी शशिरंजन कोरोना काल के बाद काम के सिलसिले में चंडीगढ़ गया था।
वहां, उसकी दोस्ती एक महिला से हुई, जो धीरे-धीरे गहरी होती चली गई। इसके बाद उसने अक्सर चंडीगढ़ आना-जाना शुरू कर दिया। बताया कि वह कई-कई दिन तक काम का बहाना बनाकर वहीं रुकता था, जिससे घर में तनाव बढ़ने लगा।
इसे लेकर दंपती में कई बार विवाद भी होता था। धीरे-धीरे विवाद इतना बढ़ गया कि पारिवारिक माहौल पूरी तरह बिगड़ गया। दोनों के बेडरूम पूरी तरह अलग हो गए। अघोषित रूप से बच्चे भी दोनों के बीच बंट से गए थे।
आरोपी के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं, जिससे यह पता लगाया जा सके कि चंडीगढ़ की महिला से उसका संपर्क कितना गहरा था और इस विवाद में उसकी क्या भूमिका रही।
बाहर खेलने पर थी रोक
बच्चियों की मां रेशमा और घर के आसपास के लोगों के अनुसार, हत्यारोपी पिता बेटियों को बेहद सख्ती और नियंत्रण में रखता था। बाहर से देखने पर यह सब ‘ख्याल’ जैसा लगता था लेकिन अब घटना के बाद वही व्यवहार सवालों के घेरे में है।
जिस घर में शनिवार शाम तक जुड़वां बहनों की हंसी गूंजती थीं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अब वहां सन्नाटा पसरा है। उन्होंने बताया कि बच्चियों को अपार्टमेंट के अन्य बच्चों के संग खेलने की छूट नहीं थी। अगर वे बाहर जाने या किसी से ज्यादा बातचीत करने की कोशिश करतीं, तो डांट पड़ती थी।
कानपुर में जुड़वां बेटियों का कत्ल
कानपुर के किदवईनगर के-ब्लॉक स्थित त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में शनिवार देर रात पिता शशिरंजन मिश्रा ने अपनी 11 साल की जुड़वां बेटियों रिद्धि-सिद्धि की नृशंस हत्या कर दी। आरोपी ने एक-एक कर दोनों बेटियों की गला दबाकर हत्या कर दी। बचने की गुंजाइश न रहे इसलिए गले पर चापड़ रखकर हथौड़े से वार किए। आरोपी ने वारदात से पहले बच्चियों को नशीली दवा भी खिलाई थी। पूरी वारदात कमरे में लगे सीसीटीवी में कैद है।
हत्याकांड के डेढ़ घंटे बाद आरोपी ने तड़के खुद ही पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को बच्चियों के रक्तरंजित शव बेडरूम की फर्श पर पड़े मिले। पुलिस ने दूसरे कमरे में छह साल के बेटे संग सो रही मां रेशमा को जगाकर हत्याकांड की जानकारी दी तो वह बदहवास हो गईं।
आरोपी ने बेटियों की हत्या का कारण नहीं कबूला
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसने पुलिस के सामने बेटियों की हत्या का कारण नहीं कबूला है। लखनऊ निवासी बैंककर्मी विवेक गुप्ता का त्रिमूर्ति अपार्टमेंट के भूतल में जी-4 फ्लैट है।
आरोपी ने 2014 में मंदिर में किया था प्रेम विवाह
इसे उन्होंने मूलरूप से बिहार के गया निवासी शशिरंजन को 19 हजार रुपये प्रति माह किराये पर दे रखा है। शशिरंजन चंडीगढ़ की एक दवा कंपनी में सेल्स मैनेजर है। उसने स्वरूपनगर स्थित पार्लर में काम करने वाली मूलरूप से पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी निवासी रेशमा से वर्ष 2014 में मंदिर में प्रेम विवाह किया था।
कक्षा पांच में पढ़ती थीं दोनों बेटियां
दोनों के जुड़वां बेटियों के अलावा बेटा रुद्रव उर्फ गन्नू (6) है। दोनों बेटियां कक्षा पांच में पढ़ती थीं। रविवार तड़के 4:32 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर शशिरंजन ने फोन कर जुड़वां बेटियों की हत्या करने की सूचना दी।
खून से सना चापड़ और हथौड़ा बरामद
पुलिस मौके पर पहुंची तो कमरे में हत्यारोपी पिता फर्श पर शवों के पास बैठा मिला। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने शवों के पास से खून से सना चापड़ और हथौड़ा बरामद किया है। पुलिस ने बेटियों की हत्या से अनजान दूसरे कमरे में सो रही मां को जगाकर वारदात की जानकारी दी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई पूरी वारदात
नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि फ्लैट के अंदर पत्नी वाले बेडरूम और बाथरूम को छोड़कर कमरे, किचन और गैलरी में चार सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। शनिवार रात 11 बजे हत्यारोपी शशिरंजन ने पत्नी रेशमा, जुड़वां बेटियों रिद्धि-सिद्धि व बेटे रुद्रव के साथ खाना खाया।
इसके बाद सभी टीवी देखने लगे। कुछ देर बाद शशिरंजन ने टीवी बंद करने को कहा लेकिन परिवार ने उसकी बात अनसुनी कर दी। तैश में आकर शशिरंजन ने चिल्लाते हुए सभी को पीटने की धमकी दी। इसके बाद दोनों बेटियां पापा के कमरे में सोने चली गईं। मां बेटे रुद्रव को लेकर अपने कमरे में चली गई।
रात 1:50 बजे से 3:35 बजे के बीच शशिरंजन ने अपने साथ सो रहीं दोनों बेटियों की बेरहमी से हत्या कर दी। पहले सिद्धि को मारा फिर रिद्धि की हत्या की। पुलिस को पूरी वारदात कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद मिली है। हत्यारोपी ने पांच दिन पहले ही चापड़ खरीदा था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि हत्याकांड की साजिश आरोपी कई दिनों से रच रहा था।