भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच TVS ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. कंपनी ने अपने होसुर प्लांट से 10 लाखवां TVS iQube इलेक्ट्रिक स्कूटर तैयार कर लिया है. यह उपलब्धि न केवल TVS के लिए खास है, बल्कि भारत के तेजी से बढ़ते इलेक्ट्रिक वाहन बाजार के लिए भी एक महत्वपूर्ण पड़ाव मानी जा रही है.

TVS iQube को साल 2020 में लॉन्च किया गया था. लॉन्च के बाद से यह देश के सबसे ज्यादा बिकने वाले इलेक्ट्रिक स्कूटर्स में शामिल हो गया है. पिछले कुछ सालों में इलेक्ट्रिक टूव्हीलर की मांग लगातार बढ़ी है. इसका मुख्य कारण चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार, ग्राहकों के लिए ज्यादा विकल्प की मौजूदगी और इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रति बढ़ता भरोसा है.
कंपनी का कहना है कि TVS iQube को पूरी तरह भारत में तैयार किया गया है. इलेक्ट्रिक वाहन कारोबार को मजबूत बनाने के लिए TVS ने रिसर्च एंड डेवलपमेंट , इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग पर लगातार निवेश किया है. TVS के चेयरमैन सुदर्शन वेणु ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि 10 लाख iQube का उत्पादन इस बात का सबूत है कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अब भारतीयों के रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बनती जा रही है.
iQube रेंज में लगातार बढ़ोतरी
जब iQube को लॉन्च किया गया था, तब यह केवल दो वेरिएंट्स में उपलब्ध था. अब कंपनी ने ग्राहकों की अलगअलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई विकल्प पेश किए हैं. फिलहाल स्टैंडर्ड TVS iQube में 2.7 kWh, 3.1 kWh और 3.5 kWh बैटरी पैक के विकल्प मिलते हैं. वहीं टॉप मॉडल iQube ST में बड़ा 5.3 kWh बैटरी पैक दिया गया है.
हाल ही में कंपनी ने iQube S नाम का नया वेरिएंट भी लॉन्च किया है. यह स्टैंडर्ड और ST मॉडल के बीच की कैटेगरी में आता है. इसमें 4.7 kWh बैटरी दी गई है और कंपनी के अनुसार, यह एक बार चार्ज करने पर 175 किलोमीटर तक की IDC रेंज देता है. इसकी एक्सशोरूम कीमत 1.37 लाख रुपये रखी गई है, जिसमें केंद्र और राज्य सरकार की लागू सब्सिडी भी शामिल है. TVS ने स्कूटर के लिए नए कलर ऑप्शन भी पेश किए हैं.
देशभर में मजबूत नेटवर्क
TVS के अनुसार, iQube के लिए वर्तमान में 3,300 से ज्यादा बिक्री और सर्विस टचपॉइंट्स उपलब्ध हैं, जो 3,000 से ज्यादा शहरों में फैले हुए हैं. कंपनी ने बढ़ती मांग को देखते हुए अपनी उत्पादन क्षमता में भी लगातार विस्तार किया है. TVS का इलेक्ट्रिक वाहन कारोबार लगातार तेजी से आगे बढ़ रहा है. अप्रैल 2026 में कंपनी ने 37,771 इलेक्ट्रिक वाहन बेचे, जो अप्रैल 2025 में बेची गई 27,684 यूनिट्स की तुलना में 36 प्रतिशत ज्यादा है. TVS iQube की यह उपलब्धि दिखाती है कि भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का भविष्य काफी मजबूत है और आने वाले वर्षों में EV बाजार और तेजी से बढ़ सकता है.



