
औरैया में बौद्ध कथा में शामिल न होने पर एक युवक को जबरन घर से उठाकर लाया गया और आंबेडकर प्रतिमा के सामने कान पकड़कर माफी मंगवाई गई। पैर छुआकर उठक-बैठक भी लगवाई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
यूपी के औरैया में बौद्ध कथा में शामिल न होने पर एक युवक को जबरन घर से उठाकर लाया गया और आंबेडकर प्रतिमा के सामने कान पकड़कर माफी मंगवाई गई। पैर छुआकर उठक-बैठक भी लगवाई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया। हालांकि लाइव हिन्दुस्तान इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। उधर, वीडियो वायरल होते ही एएसपी-सीओ समेत आसपास के थानों की पुलिस ने गांव पहुंच स्थिति संभाली। दोनों पक्षों ने एफआईआर दर्ज कराई है। चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
फफूंद क्षेत्र के द्वारकापुर गांव में छह से 13 अप्रैल तक बौद्ध कथा का आयोजन किया गया था। आरोप है कि पाल समाज के कुछ लोग कथा में शामिल नहीं हुए। इसको लेकर विवाद पैदा हो गया। गांव निवासी अतन पाल ने बताया कि गुरुवार सुबह कुछ लोग घर पहुंचे और उसे चारपाई से उठाकर मारपीट करते हुए पड़ोस के गांव काजीपुर स्थित आंबेडकर पार्क ले गए। यहां बाबा साहेब की प्रतिमा के सामने उससे कान पकड़कर उठक-बैठक लगवाई और माफी मंगवाई। दबंगों ने कहा कि कान पकड़कर बाबा साहेब से माफी मांगते हुए कहो कि दोबारा ऐसी गलती नहीं होगी। इसका वीडियो वायरल होते ही हड़कंप मच गया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आनन-फानन अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा, सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह समेत कई थानों की पुलिस गांव पहुंची। ग्रामीणों से बात कर स्थिति संभाली।
अतन पाल की तहरीर पर पुलिस ने प्रबल प्रताप, नीलेश उर्फ कल्लू, रामकिशन, अभिषेक और भारत सिंह समेत 25-30 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी तहरीर देकर आरोप लगाया है कि कुछ लोगों ने बाबा साहेब के पोस्टर के साथ अभद्रता करते हुए आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग किया था। एएसपी ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चार लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। झंडा लगाने को लेकर बच्चों में विवाद हुआ था। गां ववालों से बातचीत पर हकीकत पता कराई जा रही है। जो भी दोषी होगी सख्त कार्रवाई की जाएगी।