एक दुल्हन से शादी को पहुंचे 2 दूल्हे! निकाह में हंगामा, तीनों पक्ष थाने पहुंचे!..

अमरोहा: अमरोहा जनपद के नगर कोतवाली क्षेत्र के कैलाशा बाईपास स्थित एक बैंक्वेट हॉल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक ही दुल्हन को लेने दो अलग-अलग बारातें पहुंच गईं.

क्या है पूरा मामला
दरअसल पिछले साल दुल्हन के पिता ने अपनी बेटी का निकाह मुरादाबाद निवासी युवक से तय किया था. दोनों परिवारों की सहमति से मंगनी भी हो चुकी थी और 12 अप्रैल की शादी की तारीख भी तय कर दी गई थी. लेकिन शादी से कुछ दिन पहले किसी बात को लेकर दोनों परिवारों में विवाद हो गया. मामला इतना बढ़ा कि लड़की के पिता ने यह रिश्ता तोड़ दिया. इसके बाद पंचायत के फैसले पर लड़की का निकाह संभल निवासी युवक से तय कर दिया गया. जल्दबाजी में शादी की तारीख और स्थान वही रखा गया, लेकिन मुरादाबाद वाले पक्ष ने भी शादी से पीछे हटने से इनकार कर दिया.

एक दुल्हन के दो-दो दूल्हे देख लोग हैरान
12 अप्रैल को पहले संभल की बारात बैंक्वेट हॉल पहुंची और स्वागत की तैयारियां शुरू हुईं. तभी अचानक मुरादाबाद से दूसरी बारात भी वहां पहुंच गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। दो-दो दूल्हों को देखकर मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए और हंगामा शुरू हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मामला पुलिस तक पहुंच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया.

पुलिस ने बताया
सीओ अभिषेक कुमार यादव के मुताबिक, पुलिस ने दुल्हन की राय ली, जिसमें उसने परिजनों की सहमति से संभल के युवक के साथ निकाह करने की बात कही. इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में संभल के दूल्हे से निकाह कराया गया, जबकि मुरादाबाद से आए दूल्हे को कोतवाली ले जाया गया. कई घंटे बाद, जब दुल्हन की विदाई हो गई, तब मुरादाबाद वाले दूल्हे को छोड़ दिया गया. इस तरह विवाद को खत्म कर स्थिति सामान्य करने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली.