Saturday, April 11, 2026
Uncategorized

इंस्टा रील पर कमेंट से शुरू हुआ झगड़ा, कत्ल पर खत्म… बरेली में दोस्त ने दोस्त को मार डाला!

इंस्टा रील पर कमेंट से शुरू हुआ झगड़ा, कत्ल पर खत्म… बरेली में दोस्त ने दोस्त को मार डाला

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहां सोशल मीडिया यानी इंस्टाग्राम पर किया गया एक छोटे से कमेंट ने एक युवक की जान ले ली. मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है, जहां सिटी रेलवे स्टेशन के पास एक खंडहरनुमा मकान में 24 वर्षीय अमन रजा का शव बरामद हुआ. इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी.

जानकारी के मुताबिक, अमन रजा मलूकपुर का रहने वाला था और पेशे से एक सैलून में काम करता था. 8 अप्रैल को उसका शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. शव की हालत बेहद गंभीर थी. उसके शरीर और चेहरे पर करीब 21 गहरे चोट के निशान मिले, जिससे साफ था कि हत्या बेहद बेरहमी से की गई.

CCTV फुटेज से पकड़ा गया आरोपी

शुरुआत में मृतक के परिजनों ने उसके तीन दोस्तों पर शक जताते हुए मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन पुलिस की जांच में वे निर्दोष पाए गए. इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और कॉल डिटेल्स की जांच की. तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का शक जखीरा निवासी समद मूसा (19) पर गया.

पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए समद मूसा को सिटी सब्जी मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने जो खुलासा किया, वह बेहद चौंकाने वाला था. दरअसल, अमन और समद की दोस्ती करीब 6 महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, लेकिन समय के साथ यह दोस्ती दुश्मनी में बदल गई.

इंस्टा रील पर कमेंट करता था अमन

बताया गया कि समद जब भी इंस्टाग्राम पर अपनी रील पोस्ट करता था, अमन उस पर भद्दे और आपत्तिजनक कमेंट करता था. इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार फोन पर झगड़ा और गाली-गलौज भी हुई. धीरे-धीरे यह विवाद इतना बढ़ गया कि समद ने अमन को रास्ते से हटाने की ठान ली.

समद ने अमन को मिलने बुलाया था

घटना वाले दिन, 7 अप्रैल को समद ने अमन को फोन कर सिटी रेलवे स्टेशन के पास मिलने के लिए बुलाया. दोनों बातचीत करते हुए रेलवे ट्रैक की ओर गए. वहीं सुनसान जगह देखकर समद ने अमन को अचानक धक्का देकर गिरा दिया और पास पड़ी ईंट से उसके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर दिए.

खंडहर में छिपा दिया था अमन रजा का शव

इतना ही नहीं, हत्या के बाद आरोपी ने शव को घसीटकर पास के एक खंडहर में छिपा दिया, ताकि किसी को शक न हो. बाद में उसने यह सुनिश्चित करने के लिए दोबारा ईंट से हमला किया कि अमन की मौत हो चुकी है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई खून से सनी ईंट भी बरामद कर ली. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। फिलहाल आरोपी को जेल भेज दिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है.

me.sumitji@gmail.com

Leave a Reply