Demand For Action Against Nazia Elahi: नाज़िया इलाही द्वारा कथित रूप से की गई एक विवादित टिप्पणी को लेकर आगरा में विरोध तेज हो गया है। सशक्त पीली सेना के प्रतिनिधिमंडल ने संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष शबाना खंडेलवाल के नेतृत्व में डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास से मुलाकात कर मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा।

आगरा में नाज़िया इलाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग, सशक्त पीली सेना ने डीसीपी को सौंपा ज्ञापन​
आगरा में नाज़िया इलाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग, सशक्त पीली सेना ने डीसीपी को सौंपा ज्ञापन​

धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नाज़िया इलाही ने मुस्लिम धर्म के पैगम्बर के संबंध में ऐसी टिप्पणी की है, जिससे करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। संगठन का कहना है कि किसी भी धर्म, धर्मगुरु, पैगम्बर, देवीदेवता या धार्मिक महापुरुष के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग समाज में वैमनस्य और तनाव की स्थिति पैदा कर सकता है, इसलिए ऐसे मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

नाज़िया इलाही के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग

शबाना खंडेलवाल ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो नाज़िया इलाही के विरुद्ध उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्थाओं का सम्मान देश की सामाजिक एकता और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए आवश्यक है।

संगठन ने यह भी मांग उठाई कि भविष्य में किसी भी धर्म या धार्मिक प्रतीकों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए सख्त प्रावधान लागू करे। शबाना खंडेलवाल ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन इसका उपयोग किसी समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने के लिए नहीं होना चाहिए।

गठन का उद्देश्य भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखना है

उन्होंने कहा कि सशक्त सभी धर्मों और समुदायों के सम्मान की पक्षधर है तथा किसी भी धर्म के विरुद्ध कथित अपमानजनक टिप्पणी का विरोध करती है। संगठन का उद्देश्य समाज में भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखना है।

डीसीपी कार्यालय पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में गुड्डू कुरैशी, शानू खान, आशिक अब्बास, मोहसिन खान, मुहम्मद ताज, आरिफ शहजाद, अबरार अहमद, करीम मुल्ला, नकीम कुरैशी, मुहम्मद हफीज खान, मुश्ताक अहमद, सद्दाम कुरैशी, साजिद, जीशान परवेज, सदिया, महरून निशा, आरफा, शबाना निशात, उजमा बेगम, आशु खान, अनिका रोहण, आदिल खान, रिजवान अली, मुहम्मद अनीस, जावेद तथा मौलाना अल्तमश रहमानी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। उन्होंने प्रशासन से मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।