Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. महिला का आरोप है कि शादी से पहले पति की नौकरी को सरकारी बताकर रिश्ता तय कराया गया था. शादी के बाद उसे पता चला कि पति सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि संविदा पर काम कर रहा है. महिला के मुताबिक इस बात का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई. बाद में ससुराल वालों ने 10 लाख रुपये और कार की मांग शुरू कर दी.

विवाहिता शशि प्रभा की तहरीर पर सुभाषनगर पुलिस ने पति अमन माथुर, सास किरन, ननद रोशनी और प्रियंका समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि महिला की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है.

शशि प्रभा के मुताबिक, उनका विवाह इज्जतनगर क्षेत्र निवासी अमन माथुर के साथ हुआ था. शादी में उनकी मां और भाइयों ने करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे. महिला का आरोप है कि शादी से पहले अमन की नौकरी को लेकर उन्हें बताया गया था कि वह निजी मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में नौकरी करता है. इसी जानकारी के आधार पर परिवार ने शादी के लिए सहमति दी थी.

नौकरी को लेकर खुलासा हुआ था विवाद

महिला का कहना है कि शादी के बाद उसे जानकारी हुई कि पति सरकारी कर्मचारी नहीं है और संविदा पर काम करता है. जब उसने पति और ससुराल वालों से इस बारे में बात की तो विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि इसके बाद उससे 10 लाख रुपये और कार की मांग की जाने लगी.

शशि प्रभा का आरोप है कि मांग पूरी नहीं करने पर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया गया. कई बार उसके साथ मारपीट की गई. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे घर में जमीन पर सोने के लिए मजबूर किया गया.

शराब के नशे में बेल्ट से पीटने का आरोप

विवाहिता ने पुलिस को बताया कि अक्टूबर 2025 में उसके पति ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की और बेल्ट से पीटा. घटना के बाद उसकी मां उसे अपने साथ मायके ले गईं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कुछ समय बाद दिसंबर 2025 में ससुर की मौत होने पर वह दोबारा ससुराल पहुंची. महिला का आरोप है कि इस दौरान भी उसके साथ व्यवहार ठीक नहीं रहा. उसने बताया कि ननद रोशनी की शादी के समय उसके जेवर और शादी में मिला सामान भी दे दिया गया. इसके बाद भी ससुराल वालों की ओर से उसे परेशान किए जाने का सिलसिला नहीं रुका.

शशि प्रभा के मुताबिक होली के बाद उसके साथ फिर मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया. आरोप है कि इसके बाद पति अमन माथुर ने व्हाट्सएप पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी. मामले में सीओ द्वितीय नितिन कुमार ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है. पुलिस ससुराल पक्ष पर लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है. जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.