Baghpat news: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में 2 दोस्तों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. करीब 20 दिन से लापता अंकित और इसरार के शव लहचौड़ा गांव स्थित गणेश मंदिर परिसर में धूनी के नीचे दफन मिले. पुलिस ने गड्ढा खुदवाकर दोनों शवों को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। परिजनों ने मंदिर के पुजारी पर हत्या का शक जताया है. पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या की वजह अवैध संबंध बताई जा रही है. हालांकि, मामले की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ होगी.

20 दिन से लापता थे दोनों दोस्त

मामला चांदीनगर थाना क्षेत्र के लहचौड़ा गांव का है. अंकित और इसरार गहरे दोस्त थे. दोनों करीब 20 दिन पहले घर से निकले थे, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटे. परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला. परिजनों के मुताबिक, दोनों दोस्त लहचौड़ा गांव के गणेश मंदिर में रहने वाले पुजारी से मिलने गए थे. इसके बाद से ही दोनों लापता हो गए. लगातार तलाश के बीच परिवार को मंदिर परिसर में दोनों के शव दफन होने की जानकारी मिली.

धूनी के नीचे गड्ढा खोदकर दफन किए शव

सूचना मिलने पर पुलिस मंदिर परिसर पहुंची. इसके बाद जिस जगह पर शव दफन होने की बात सामने आई थी, वहां खुदाई कराई गई. गड्ढे से दोनों के शव बरामद हुए. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. जांच में सामने आया कि शवों को मंदिर परिसर में बनी धूनी के नीचे दफन किया गया था. इसके बाद ऊपर से इंटरलॉकिंग टाइल्स लगा दी गई थीं. इससे आशंका है कि शवों को छिपाने की कोशिश की गई थी.

पुजारी पर परिजनों ने जताया शक

परिजनों ने मंदिर के पुजारी पर दोनों की हत्या में शामिल होने का शक जताया है. बताया जा रहा कि यह पुजारी पहले अंकित और इसरार के गांव सिंगोली तगा स्थित मंदिर में रहता था. करीब छह महीने पहले वह लहचौड़ा के गणेश मंदिर में रहने आया था. परिजनों का कहना है कि दोनों दोस्त पुजारी से मिलने मंदिर पहुंचे थे और इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए. घटना के बाद से पुजारी फरार बताया जा रहा है.

अवैध संबंध हत्या की वजह होने का दावा

पुलिस की शुरुआती जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध की बात सामने आई है. पुलिस के अनुसार, मृतकों में से एक के परिवार की एक महिला से अवैध संबंध को लेकर यह वारदात किए जाने की आशंका है. सूत्रों के मुताबिक, महिला मंदिर के पुजारी की प्रेमिका थी. हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले की जांच कर रही है और हत्या की वास्तविक वजह व इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है.

पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी

दोनों शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से भी मौत की वजह और घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवालों के जवाब मिलने की उम्मीद है. परिजनों ने आरोपी पुजारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने आरोपी के एनकाउंटर की मांग भी की है.

फिलहाल पुलिस फरार पुजारी की तलाश कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि दोनों दोस्तों की हत्या कैसे की गई और शवों को मंदिर परिसर में छिपाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका थी या नहीं. पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही हत्या की पूरी वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.