Lucknow News: उत्तर प्रदेश में राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र स्थित नरपतखेड़ा में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. यहां 17 वर्षीय किशोरी की घर के अंदर हत्या कर दी गई, जबकि घटनास्थल पर एक युवक भी गंभीर हालत में पड़ा मिला. जानकारी के अनुसार युवक ने वारदात के बाद आत्महत्या का प्रयास किया. पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं.

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 17 वर्षीय स्मृति पांडेय के रूप में हुई है. उसका शव घर के अंदर मिला, जबकि गले पर चोट के निशान पाए गए हैं. वहीं घटनास्थल के पास देवांश पाठक नाम का युवक भी घायल अवस्था में पड़ा मिला. शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना में युवक की भूमिका की जांच की जा रही है, हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है.
कमरे में पड़ा मिला शव
बताया जा रहा है कि घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था. परिवार के लोग बाहर गए हुए थे. इसी दौरान कॉलेज से घर लौटी मृतका की बड़ी बहन ने कमरे के अंदर दोनों को पड़ा देखा. बहन ने तुरंत परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को बुलाया गया. डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उसके बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजह, दोनों के आपसी संबंध और घटनाक्रम की हर पहलू से जांच कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों का विश्लेषण किया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पूरे इलाके में इस वारदात को लेकर दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है.



