Social Media Financial Advice: अगर आप सोशल मीडिया पर शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड या निवेश से जुड़ी सलाह पढ़कर पैसे लगाने का फैसला करते हैं, तो अब आपको ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। नई स्टडी में सामने आया है कि सोशल मीडिया पर फाइनेंशियल सलाह देने वाले कई पोस्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से तैयार किए जा रहे हैं।

ऐसे में सिर्फ अच्छी भाषा, आकर्षक ग्राफिक्स या बड़ेबड़े दावों को देखकर किसी भी सलाह पर भरोसा करना जोखिम भरा हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि निवेश से पहले सलाह देने वाले की पहचान और उसकी विश्वसनीयता की जांच करना बेहद जरूरी है।
LinkedIn पर AI से तैयार हो रहे बड़ी संख्या में पोस्ट
Pangram Labs की स्टडी के अनुसार 10 लाख से अधिक पोस्ट के विश्लेषण में पाया गया कि LinkedIn पर करीब 40 प्रतिशत लंबे पोस्ट AI की मदद से तैयार किए गए हैं। वहीं Reddit पर यह आंकड़ा करीब 13 प्रतिशत और Substack पर लगभग 10 प्रतिशत है।
दूसरी ओर TechRadar की रिपोर्ट बताती है कि फाइनेंस सेक्टर से जुड़े 73.8 प्रतिशत पोस्ट में AI के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं। इसका मतलब है कि सोशल मीडिया पर निवेश से जुड़े हर चार में से लगभग तीन पोस्ट AI की मदद से तैयार हो सकते हैं। ऐसे में यह समझना मुश्किल होता जा रहा है कि सलाह किसी अनुभवी विशेषज्ञ की है या केवल AI की मदद से तैयार की गई है।
गलत सलाह से हो सकता है बड़ा नुकसान
विशेषज्ञों का कहना है कि कई लोग AI की मदद से ऐसे पोस्ट तैयार कर रहे हैं, जिनका उद्देश्य सही जानकारी देना नहीं बल्कि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाना होता है। ऐसे पोस्ट पढ़ने में प्रभावशाली लगते हैं, लेकिन उनमें कई बार जरूरी जानकारी और वास्तविक अनुभव की कमी होती है।
इसका सबसे बड़ा नुकसान निवेशकों को हो सकता है। लोग ऊंचे रिटर्न या कम समय में ज्यादा कमाई के दावों से प्रभावित होकर गलत जगह निवेश कर सकते हैं। इसलिए किसी भी फाइनेंशियल सलाह पर अमल करने से पहले उसकी सच्चाई की जांच करना जरूरी है।
SEBI रजिस्ट्रेशन जांचना क्यों है जरूरी
कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति निवेश की सलाह देता है, तो उसके पास SEBI का वैध रजिस्ट्रेशन होना चाहिए। निवेशकों को यह देखना चाहिए कि सलाह देने वाले ने अपना रजिस्ट्रेशन नंबर साझा किया है या नहीं।
साथ ही यह भी जांचना चाहिए कि क्या वह निवेश से जुड़े जोखिमों की जानकारी दे रहा है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अगर कोई व्यक्ति बिना रजिस्ट्रेशन के निवेश की सलाह देता है, तो यह नियमों का उल्लंघन हो सकता है। इसलिए किसी भी पोस्ट के आधार पर सीधे निवेश करने के बजाय अपने वित्तीय सलाहकार या अधिकृत निवेश विशेषज्ञ से सलाह लेना सुरक्षित विकल्प माना जाता है।
सिर्फ वायरल पोस्ट देखकर न करें निवेश
विशेषज्ञों का कहना है कि AI पहचानने वाले टूल भी अभी पूरी तरह सटीक नहीं हैं। कई बार वे इंसान द्वारा लिखे गए लेख को भी AI जनरेटेड बता देते हैं। इसलिए किसी पोस्ट को देखकर यह तय करना आसान नहीं है कि उसे इंसान ने लिखा है या AI ने। ऐसे में निवेशकों को सिर्फ वायरल पोस्ट, आकर्षक भाषा या बड़े दावों के आधार पर फैसला नहीं लेना चाहिए।
हमेशा कंपनी की आधिकारिक जानकारी, SEBI से जुड़े रिकॉर्ड और विश्वसनीय स्रोतों की जांच करने के बाद ही निवेश करें। थोड़ी सी सावधानी आपकी मेहनत की कमाई को गलत निवेश से बचा सकती है।



