
फरीदाबाद: हरियाणा के फरीदाबाद जिले के गांव सिकरोना में सोमवार को एक निजी स्कूल की महिला शिक्षिका की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वारदात पुलिस चौकी से कुछ ही मीटर की दूरी पर स्थित स्कूल में हुई। पूरी घटना स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कौन थी महिला टीचर
जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान संध्या के रूप में हुई है, जो गांव सिकरोना स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षिका थीं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सोमवार सुबह वह रोज की तरह स्कूल पहुंची थीं। इसी दौरान मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक स्कूल में आया और शिक्षिका से मिलने की बात कही। जब संध्या स्कूल के गेट पर उससे मिलने पहुंचीं तो आरोपी ने अचानक उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
इस हमले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी ने महिला के शरीर और गर्दन पर कई वार किए। शिक्षिका की चीख-पुकार सुनकर स्कूल संचालक और अन्य लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन आरोपी हाथ में चाकू लहराते हुए उनकी ओर भी बढ़ा। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना के तुरंत बाद घायल शिक्षिका को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद स्कूल और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने क्या बताया
पुलिस का कहना है कि हत्या की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती जांच में हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा कर रही है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच जारी है।



