भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग तेजी से बढ़ रही है. पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के साथसाथ पर्यावरण के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण लोग अब इलेक्ट्रिक गाड़ियों की ओर रुख कर रहे हैं. इसके अलावा कई राज्य सरकारें EV खरीदने पर सब्सिडी भी दे रही हैं, जिससे इलेक्ट्रिक कारें पहले से ज्यादा किफायती बन गई हैं.

इसी बदलते बाजार को देखते हुए फ्रेंच कार कंपनी सिट्रोएन ने अपनी इलेक्ट्रिक हैचबैक eC3 को अपडेट किया है और नया eC3X मॉडल लॉन्च किया है. यह कार सीधे तौर पर भारत की लोकप्रिय इलेक्ट्रिक SUV Tata Punch EV को चुनौती देती नजर आ रही है. आइए जानते हैं दोनों कारों में क्या अंतर है और आपकी जरूरत के लिहाज से कौन सी कार खरीदना बेहतर रहेगा?
बैटरी और परफॉर्मेंस
eC3X में 29.2 kWh का बैटरी पैक दिया गया है. यह बैटरी एक इलेक्ट्रिक मोटर को पावर देती है जो 56.22 bhp की ताकत और 143 Nm का टॉर्क पैदा करती है. कंपनी के मुताबिक, यह कार 0 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार सिर्फ 6.8 सेकंड में पकड़ सकती है. इसकी टॉप स्पीड 107 किमी प्रति घंटा है और एक बार चार्ज करने पर यह लगभग 325 किमी की रेंज देने का दावा करती है.
वहीं Tata Punch EV दो बैटरी विकल्पों के साथ आती है. पहला 30 kWh और दूसरा 40 kWh बैटरी पैक. छोटे बैटरी पैक वाला मॉडल 375 किमी की रेंज देता है, जबकि बड़े बैटरी पैक वाला मॉडल 468 किमी तक चल सकता है. इसके अलावा Punch EV ज्यादा पावरफुल मोटर के साथ आती है, जो बेहतर प्रदर्शन प्रदान करती है.
साइज और स्पेस
eC3X की लंबाई 3,981 मिमी है, जो Punch EV से ज्यादा है. इसका व्हीलबेस भी बड़ा है, जिससे केबिन में अधिक जगह मिलने की संभावना है. हालांकि बूट स्पेस की बात करें तो Punch EV आगे निकल जाती है. Punch EV में 366 लीटर का बूट स्पेस मिलता है, जबकि eC3X में 315 लीटर का बूट स्पेस दिया गया है.
फीचर्स में कौन आगे?
eC3X में 10.2 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, Android Auto और Apple CarPlay, वायरलेस फोन चार्जर, रियर कैमरा, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और Eco व Standard ड्राइविंग मोड जैसे फीचर्स मिलते हैं.
दूसरी तरफ Tata Punch EV फीचर्स के मामले में और भी ज्यादा मॉडर्न नजर आती है. इसमें 10.24 इंच की टचस्क्रीन, 10 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी, वेंटिलेटेड सीट्स, वॉयसअसिस्टेड सनरूफ, वायरलेस चार्जिंग, कूल्ड ग्लवबॉक्स और टचबेस्ड HVAC कंट्रोल जैसे कई प्रीमियम फीचर्स दिए गए हैं.
कीमत में किसका पलड़ा भारी?
eC3X की कीमत 11.99 लाख रुपये से शुरू होकर 13.26 लाख रुपये तक जाती है. वहीं BaaS योजना के तहत इसकी शुरुआती कीमत 6.89 लाख रुपये रखी गई है. दूसरी ओर Tata Punch EV की कीमत 9.69 लाख रुपये से शुरू होकर 12.59 लाख रुपये तक जाती है. BaaS मॉडल में इसकी शुरुआती कीमत 6.49 लाख रुपये है.
कौन सी कार खरीदना चाहिए?
अगर आप एक ऐसी इलेक्ट्रिक कार चाहते हैं जिसमें ज्यादा रेंज, अच्छे फीचर्स, बेहतर परफॉर्मेंस, मजबूत सर्विस नेटवर्क और अच्छी रीसेल वैल्यू मिले, तो Tata Punch EV आपके लिए बेहतर विकल्प साबित हो सकती है. यह उन ग्राहकों के लिए सही है जो अपनी पहली इलेक्ट्रिक कार खरीद रहे हैं या शहर के साथसाथ कभीकभी लंबी दूरी की यात्रा भी करते हैं. दूसरी ओर eC3X उन लोगों को पसंद आ सकती है जो भीड़ से अलग दिखने वाली कार चाहते हैं, जिनके लिए आरामदायक राइड क्वालिटी और बड़ा केबिन ज्यादा जरूरी है.



