Hardoi Double Murder Case: उत्तर प्रदेशे में हरदोई के संडीला में चर्चित डबल मर्डर का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए दो बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन बाल अपचारियों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है. पुलिस जांच में सामने आया कि पूरी वारदात की जड़ एक बाल अपचारी की बहन और मृतक अरुण चौरसिया के बीच प्रेम प्रसंग था. बहन से बातचीत बंद कराने की कई बार कोशिश की गई, लेकिन अरुण नहीं माना. इसके बाद हत्या की साजिश रची गई और कोल्ड ड्रिंक पार्टी के बहाने अरुण और उसके दोस्त अभिषेक को मौत के जाल में बुला लिया गया.

पुलिस के मुताबिक, मुख्य साजिश एक बाल अपचारी ने अपने साथी प्रमोद और कुलदीप समेत अन्य साथियों के साथ मिलकर रची. वारदात से दो दिन पहले खेत में लगा लंबा बांस काटकर दो डंडे तैयार किए गए और उन्हें निर्माणाधीन पानी की टंकी के पास छिपा दिया गया. 29 जुलाई की शाम प्रमोद ने अरुण और अभिषेक को पार्टी का न्योता दिया. रास्ते में कोल्ड ड्रिंक, प्लास्टिक के गिलास और नमकीन खरीदी गई. सभी लोग निर्माणाधीन इमारत की छत पर बैठकर पार्टी करने लगे, जबकि नीचे पहले से तमंचा और बांस के डंडे छिपाकर रखे गए थे.
प्लान बनाकर रची थी साजिश
इसी दौरान प्रमोद ने अभिषेक से बातचीत में पूछा कि अगर किसी की हत्या करनी हो तो पुलिस से कैसे बचा जाए? पुलिस के अनुसार, अभिषेक ने सलाह दी कि मोबाइल फोन कभी बंद नहीं करना चाहिए, बल्कि किसी दूसरे व्यक्ति को देकर उससे बात करवाते रहना चाहिए ताकि पुलिस लोकेशन ट्रेस न कर सके. पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने हत्या के बाद यही तरीका अपनाया. अपने मोबाइल फोन भाइयों को देकर उन्हें स्विच ऑफ न करने की हिदायत दी गई, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके.
डंडों और ईंट से किया हमला
करीब एक घंटे बाद सभी नीचे उतरे और पहले से तय योजना के मुताबिक बाल अपचारी ने बांस के डंडे से अरुण के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. अचानक हमला होते ही अभिषेक जान बचाकर भागने लगा, लेकिन कुलदीप और अन्य साथियों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया. इसके बाद प्रमोद और अन्य आरोपियों ने बांस के डंडों, ईंट और पत्थरों से दोनों पर बेरहमी से हमला किया. पुलिस के मुताबिक, जब अरुण की सांस चलती दिखी तो उसके चेहरे पर तमंचे से गोली मार दी गई. वारदात के बाद दोनों के मोबाइल फोन निकाल लिए गए और हथियार छिपा दिए गए.
पुलिस पूछताछ में कबूला सच
पुलिस जांच में एक अहम कड़ी तब मिली, जब अरुण ने घर से निकलते समय परिजनों से कहा था कि वह प्रमोद के साथ पार्टी में जा रहा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसी सूचना को आधार बनाकर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और पूछताछ के जरिए पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तमंचा, खोखा कारतूस, दोनों मृतकों के मोबाइल फोन, बांस के डंडे, कोल्ड ड्रिंक की बोतल, प्लास्टिक के गिलास और अन्य साक्ष्य बरामद कर लिए हैं. मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है.



