सावन का महीना भगवान शिव की पूजा के लिए बेहद खास माना जाता है. इस पूरे महीने में कई श्रद्धालु हर सोमवार का व्रत रखते हैं. कुछ लोग दिनभर बिना अनाज के रहते हैं, तो कुछ केवल फलाहार करते हैं. मान्यता है कि सावन सोमवार का व्रत रखने से भगवान शिव की कृपा मिलती है. यही वजह है कि हर साल बड़ी संख्या में लोग पूरे श्रद्धा और नियम के साथ यह व्रत करते हैं. हालांकि, व्रत रखने के दौरान अपनी सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है. लंबे समय तक खाली पेट रहने, कम पानी पीने या सही चीजें न खाने से शरीर में कमजोरी, चक्कर और थकान महसूस हो सकती है.

अगर सही खानपान और जरूरी बातों का ध्यान रखा जाए, तो व्रत के दौरान शरीर को स्वस्थ रखना आसान हो सकता है. आइए जानते हैं सावन सोमवार का व्रत रखते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.

व्रत रखने से पहले किन बातों का ध्यान रखें?

सावन सोमवार का व्रत रखने से पहले अपनी सेहत का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. अगर आप पहली बार व्रत रख रहे हैं, तो अपनी शारीरिक क्षमता को समझें. व्रत से एक दिन पहले रात का खाना समय पर खाएं और अच्छी नींद लें, ताकि शरीर को पर्याप्त आराम मिल सके.

सुबह उठने के बाद पानी जरूर पिएं और अगर फलाहार करने वाले हैं, तो पौष्टिक चीजों का चुनाव करें. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। व्रत का मकसद केवल भूखे रहना नहीं, बल्कि शरीर और मन दोनों को संतुलित रखना भी है. इसलिए अपनी सेहत को नजरअंदाज न करें.

एनर्जी के लिए व्रत में क्या खाएं

व्रत के दौरान ऐसी चीजें खाएं, जो शरीर को लंबे समय तक एनर्जी दें. फल, दूध, दही, मखाना, मेवे, नारियल पानी और नींबू पानी अच्छे विकल्प हैं. अगर व्रत में सेंधा नमक खा सकते हैं, तो उससे बनी हल्की चीजें भी खाई जा सकती हैं. पूरे दिन थोड़ाथोड़ा पानी पीते रहें, ताकि शरीर में पानी की कमी न हो.

बहुत ज्यादा तलीभुनी या मीठी चीजें खाने से बचें, क्योंकि इससे पेट भारी हो सकता है और थकान महसूस हो सकती है. संतुलित और हल्का भोजन व्रत के दौरान शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करता है.

व्रत रखने से पहले ये डॉक्टर की लें सलाह

अगर आपको डायबिटीज, हाई या लो ब्लड प्रेशर, किडनी, लिवर या दिल से जुड़ी कोई बीमारी है, तो व्रत रखने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें. प्रेग्नेंट महिलाओं, ब्रेस्ट फीडिंग कराने वाली माताओं और बुजुर्गों को भी बिना सलाह के लंबे समय तक भूखे नहीं रहना चाहिए.

जो लोग रोजाना दवाएं लेते हैं, उन्हें यह भी पूछ लेना चाहिए कि दवा कब और कैसे लेनी है. अगर व्रत के दौरान चक्कर आए, बहुत कमजोरी महसूस हो या तबीयत बिगड़ने लगे, तो व्रत जारी रखने के बजाय तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.

व्रत के दौरान कौन सी गलतियां सेहत पर पड़ सकती हैं भारी?

व्रत के दौरान कई लोग पूरे दिन बहुत कम पानी पीते हैं या सिर्फ चाय और कॉफी के सहारे रहते हैं. इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है. कुछ लोग शाम को एक साथ बहुत ज्यादा खाना खा लेते हैं, जिससे पेट से जुड़ी दिक्कतें हो सकती हैं.

तलीभुनी और बहुत मीठी चीजें ज्यादा खाने से भी बचना चाहिए. अगर व्रत के दौरान लगातार चक्कर आए, कमजोरी बढ़े या घबराहट महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज न करें. ऐसी स्थिति में शरीर की जरूरत को समझें और जरूरत पड़ने पर व्रत तोड़ने में संकोच न करें.