Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र से अधिकारियों और कार्यदायी एजेंसी की घोर लापरवाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है. कलाधाम कॉलोनी निवासी 6 वर्षीय मासूम अव्यान सूर्या की बारिश के पानी से भरे एक 15 फीट गहरे गड्ढे में डूबने से अकाल मौत हो गई. मृतक बच्चा केंद्रीय विद्यालय के उप प्रधानाचार्य सीवान यादव का बेटा था. इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 6:30 बजे 6 वर्षीय अव्यान सोसायटी के आसपास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था. खेलतेखेलते मासूम अचानक बारिश के पानी से भरे उस गहरे गड्ढे के पास पहुंच गया और अनियंत्रित होकर उसमें गिर गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। साथ खेल रहे बच्चों ने अव्यान को डूबते देख तुरंत शोर मचाया, जिसकी सूचना मिलते ही आसपास के लोग और परिजन मौके पर दौड़े.
तीन युवकों ने गड्ढे में उतरकर निकाला बाहर, अस्पताल में मृत घोषित
सूचना मिलते ही तीन स्थानीय युवक तुरंत गहरे पानी वाले गड्ढे में उतरे और काफी मशक्कत के बाद बच्चे को बाहर निकाला. परिजन मासूम को तुरंत उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना पर पहुंची थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों की लिखित तहरीर पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
न बैरिकेडिंग, न चेतावनी बोर्ड: प्राधिकरण की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल
हादसे के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और प्रशासनिक ढर्रे पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. निवासियों का आरोप है कि यह 15 फीट गहरा गड्ढा कई दिनों पहले प्राधिकरण द्वारा बोरिंग कार्य के लिए खोदा गया था. बारिश के बाद गड्ढे में पानी भर गया था, लेकिन इसके चारों ओर सुरक्षा के लिहाज से न तो कोई बैरिकेडिंग की गई थी और न ही कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था.
हादसे की जानकारी मिलने पर एसडीएम आशुतोष मौके पर पहुंचे और जांचपड़ताल शुरू की. आक्रोशित लोगों ने दोषी अधिकारियों और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई तथा सभी खुले गड्ढों को तुरंत ढकने की मांग की है.



