उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, ऊंचे पहाड़ों और हरेभरे नजारों के लिए देशविदेश में मशहूर है. यहां कई ऐसी जगहें हैं, जहां हर साल बड़ी संख्या में लोग घूमने आते हैं. इन्हीं में से एक है वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क, जिसे फूलों की घाटी के नाम से जाना जाता है. यह जगह अपनी रंगबिरंगी प्राकृतिक सुंदरता और अनोखे जंगली फूलों की वजह से लोगों को खूब आकर्षित करती है. अगर आप प्रकृति के करीब कुछ यादगार पल बिताना चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए बेहतरीन विकल्प हो सकती है.

बरसात का मौसम शुरू होते ही फूलों की घाटी का नजारा पूरी तरह बदल जाता है. खासकर अगस्त के महीने में यहां सबसे ज्यादा फूल खिलते हैं, जिससे पूरी घाटी रंगबिरंगे फूलों से ढक जाती है. इसी वजह से अगस्त को यहां घूमने का सबसे अच्छा समय माना जाता है. इस दौरान मौसम भी सुहावना रहता है और चारों तरफ हरियाली देखने को मिलती है. आइए जानते हैं फूलों की घाटी में क्याक्या देखने को मिलेगा, वहां कैसे पहुंचें और घूमने से पहले किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
फूलों की घाटी में क्याक्या देखने को मिलेगा?
उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है. यहां 500 से ज्यादा प्रजातियों के जंगली फूल पाए जाते हैं, जो अगस्त के दौरान पूरी घाटी को रंगबिरंगा बना देते हैं. इसके अलावा बर्फ से ढके पहाड़, हरेभरे घास के मैदान, झरने और साफ बहती छोटीछोटी नदियां इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देती हैं.
यहां कई तरह की अनोखे पौधे और रंगबिरंगी तितलियां भी देखने को मिलती हैं. यह जगह फोटोग्राफी और ट्रेकिंग पसंद करने वालों के बीच भी काफी लोकप्रिय है. शांत वातावरण और चारों ओर फैली प्राकृतिक सुंदरता यहां आने वाले लोगों को अलग ही अनुभव देती है. अगर आप प्रकृति की खूबसूरती को करीब से देखना चाहते हैं, तो फूलों की घाटी जरूर घूमने जा सकते हैं.
फूलों की घाटी, उत्तराखंड
फूलों की घाटी कैसे पहुंचें और एंट्री कब मिलती है?
फूलों की घाटी पहुंचने के लिए सबसे पहले देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट, हरिद्वार या ऋषिकेश पहुंचा जा सकता है. इसके बाद सड़क मार्ग से गोविंदघाट जाना होता है. गोविंदघाट से करीब 13 किलोमीटर पैदल चलकर घांघरिया पहुंचते हैं. इसके बाद घांघरिया से फूलों की घाटी तक लगभग 4 किलोमीटर का ट्रेक करना पड़ता है.
यह राष्ट्रीय उद्यान हर साल 1 जून से 31 अक्टूबर तक पर्यटकों के लिए खुला रहता है. पार्क में एंट्री के लिए टिकट लेना जरूरी होता है और एंट्री तय समय के अनुसार ही मिलती है, इसलिए समय का ध्यान रखना जरूरी है.
यहां घूमने से पहले किन बातों का रखें ध्यान?
अगस्त में यहां बारिश होने की संभावना रहती है, इसलिए रेनकोट या छाता, अच्छे ग्रिप वाले ट्रेकिंग शूज और हल्के गर्म कपड़े साथ रखें. अपने साथ पानी की बोतल, हल्का नाश्ता और जरूरी दवाइयां भी रखें. पार्क के नियमों का पालन करें और कहीं भी कूड़ा न फैलाएं.
जंगली फूलों को तोड़ने या पौधों को नुकसान पहुंचाने से बचें, क्योंकि यह एक संरक्षित राष्ट्रीय उद्यान है. समय पर एंट्री करें और शाम होने से पहले वापस लौटने की योजना बनाएं, ताकि आपका घूमने का अनुभव सुरक्षित और यादगार रहे.



