Fatehpur News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की वीआईपी ड्यूटी पर जा रहे एक हेड कांस्टेबल की मौत हो गई. हादसा थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा के पास सुबह करीब 7 बजे हुआ. दुर्घटना में हेड कांस्टेबल रामप्रवेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई.

जानकारी के अनुसार, रामप्रवेश यादव पिछले लगभग तीन वर्षों से धाता थाना में तैनात थे. शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रस्तावित जनसभा के मद्देनजर उन्हें वीआईपी ड्यूटी के लिए फतेहपुर बुलाया गया था. वह सुबह ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे, लेकिन हसवा के पास उनका गाड़ी हादसे का शिकार हो गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया.

पुलिस ने शव को कब्जे में लिया

हादसे की सूचना मिलते ही थरियांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया. साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार, गाड़ी में तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से हुआ.

मृतक हेड कांस्टेबल रामप्रवेश यादव प्रयागराज जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के फूलपुर के रहने वाले थे. वह अपने कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव और अनुशासन के लिए पुलिस विभाग में जाने जाते थे. उनकी अचानक हुई मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस अधिकारियों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

ड्यूटी जाते समय हुआ हादसा

मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहने वाले पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण मानी जाती है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ऐसे में ड्यूटी पर जाते समय एक पुलिसकर्मी की सड़क हादसे में मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया है. विभागीय अधिकारियों ने परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों को खंगाल रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, पुलिस महकमे के साथसाथ पूरे क्षेत्र में इस दुखद घटना को लेकर शोक का माहौल है.