Dharmendra Pradhan Resigns: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंप दिया। NEETUG 2026 परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं और इसे लेकर देशभर में जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच उन्होंने यह फैसला लिया। जंतरमंतर पर छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है, इसी बीच धर्मेंद्र प्रधान ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर अपने इस्तीफे की घोषणा की और इसके पीछे की वजह भी बताई।

अपने संदेश में धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि पिछले चार दशक से अधिक समय से उनका जीवन छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा सुधार के लिए समर्पित रहा है। उनका हमेशा से मानना रहा है कि मजबूत, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही किसी भी देश की प्रगति की सबसे मजबूत नींव होती है।

उन्होंने कहा कि 3 मई 2026 को आयोजित NEETUG परीक्षा में अनियमितताओं की जानकारी मिलते ही केंद्र सरकार ने तुरंत कार्रवाई की। मामले की जांच CBI को सौंपी गई, परीक्षा रद्द की गई और दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। साथ ही यह भी तय किया गया कि अगले वर्ष से NEET परीक्षा पूरी तरह कंप्यूटर आधारित टेस्ट मोड में आयोजित की जाएगी।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उन्होंने इस पूरे मामले में अपनी जिम्मेदारी से कभी मुंह नहीं मोड़ा। उनका उद्देश्य हमेशा यही रहा कि किसी भी मेधावी छात्र का भविष्य प्रभावित न हो और परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनी रहे। उन्होंने कहा कि सरकार ने समयबद्ध तरीके से दोबारा परीक्षा कराई ताकि लाखों छात्रों की पढ़ाई और भविष्य पर कोई असर न पड़े।