इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आज गुरुवार को अपने अहम फैसले में भारतीय जनता पार्टी के विधायक ओम कुमार के चुनाव को रद्द घोषित कर दिया है. ओम कुमार बिजनौर जिले की नहटौर सीट से विधायक हैं. कोर्ट की ओर से विधानसभा की सदस्यता रद्द होने के बाद ओम कुमार की विधायकी चली गई है. हालांकि फैसले के खिलाफ उनके पास सुप्रीम कोर्ट जाने का विकल्प है.

बीजेपी के प्रत्याशी ओम कुमार ने साल 2022 में उत्तर प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान नहटौर सीट पर राष्ट्रीय लोक दल के प्रत्याशी मुंशी राम को बेहद कड़े मुकाबले में महज 258 वोटों से हराकर चुनाव में जीत हासिल की थी. चुनाव में ओम कुमार को 77,935 वोट मिले तो राष्ट्रीय लोक दल के मुंशी राम को 77,677 वोट मिले. इस तरह से ओम को महज 258 वोटों से जीत मिल पाई.
किस आरोप में ओम कुमार की गई विधायकी
हालांकि इस चुनाव परिणाम के आने के तुरंत बाद ही मुंशी राम इलाहाबाद हाईकोर्ट चले गए और उन्होंने वहां पर याचिका दाखिल कर इस चुनाव को चुनौती दी थी. उन्होंने अपनी याचिका में बीजेपी प्रत्याशी के खिलाफ करप्ट प्रैक्टिस करने का आरोप लगाया था. यह आरोप भी लगाया गया था कि चुनाव आयोग में दाखिल हलफनामे में उन्होंने अपनी असल इनकम छिपाई थी.
फैसले के खिलाफ अब SC जाने का विकल्प
जस्टिस सलिल कुमार राय की सिंगल बेंच ने आज यह फैसला सुनाया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हाईकोर्ट के फैसले के बाद विधायकी गंवाने वाले ओम कुमार के पास सुप्रीम कोर्ट जाने के लिए 15 दिन की मोहलत दी गई है.
अगर ओम कुमार को सुप्रीम कोर्ट से भी कोई राहत नहीं मिलती है तो बिजनौर जिले की नहटौर सीट पर फिर से चुनाव कराया जाएगा. हालांकि प्रदेश में अब आम विधानसभा चुनाव कराए जाने में 6 महीने से भी कम का समय बचा है.
ऐसे में ओम कुमार की विधानसभा सदस्यता रद्द होने के बाद भी उपचुनाव की संभावना नहीं नजर आ रही है. याचिका में बीजेपी विधायक ओम कुमार और 9 अन्य लोगों को पक्षकार बनाया गया था.



