भारतीय शेयर बाजार में पिछले कुछ हफ्तों के दौरान शानदार तेजी देखने को मिली है. निफ्टी ने महज 7 हफ्तों में 16% से ज्यादा की छलांग लगाई और करीब 26,000 के स्तर तक पहुंच गया, लेकिन इस तेजी का फायदा सभी निवेशकों को नहीं मिला. खासकर उन निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ा है, जिन्होंने स्मॉलकैप कंपनियों ने निवेश किया है. चौंकाने वाली बात तो ये है कि इन स्मॉलकैप कंपनियों ने सितंबर तिमाही में लार्जकैप और मिडकैप कंपनियों के मुकाबले सबसे ज्यादा मुनाफा बनाया है. बावजूद इसके शेयरों में भारी गिरावट आई है.

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 8 अक्टूबर से 25 नवंबर के बीच 900 से ज्यादा शेयरों में गिरावट दर्ज की गई. इनमें कई शेयर ऐसे रहे जिनकी कीमत 45% तक टूट गई. यह गिरावट ऐसे समय आई है, जब बाजार का प्रमुख इंडेक्स निफ्टी लगातार ऊपर चढ़ रहा था. इससे साफ है कि बाजार की तेजी का फायदा सभी कंपनियों और उनके निवेशकों तक नहीं पहुंचा.

मुनाफा बढ़ा, लेकिन शेयर गिरे

रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर तिमाही में स्मॉलकैप कंपनियों का टैक्स चुकाने के बाद मुनाफा सालाना आधार पर 36.8% बढ़ा. यह तीनों कैटेगरी में सबसे ज्यादा रहा. हालांकि, इस बेहतर प्रदर्शन का असर शेयरों की कीमतों पर नहीं दिखा. 8 अक्टूबर के बाद कई कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट आई. खास बात यह है कि डिफेंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, रिन्यूएबल एनर्जी और इंडस्ट्रियल सेक्टर से जुड़ी कई कंपनियों के शेयर भी बिकवाली के दबाव से नहीं बच पाए.

स्मॉलकैप कंपनियों की कहानी

स्मॉलकैप शेयरों में गिरावट की एक बड़ी वजह मुनाफे में बढ़ोतरी का सीमित सेक्टरों तक रहना है. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि स्मॉलकैप कंपनियों के कुल मुनाफे में करीब 75% हिस्सेदारी सिर्फ दो सेक्टरों की रही. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इनमें एनर्जी और बैंकिंग शामिल हैं. इसका मतलब है कि स्मॉलकैप कंपनियों के कुल मुनाफे में भले ही बड़ी बढ़ोतरी हुई हो, लेकिन इसका फायदा सभी कंपनियों को नहीं मिला. सेक्टर के हिसाब से देखें तो एनर्जी कंपनियों की कमाई के अनुमान में 40.2% की बढ़ोतरी की गई.

बैंकों के लिए यह आंकड़ा 4.7% और कंज्यूमर डिस्क्रेशनरी सेक्टर के लिए 4.3% रहा. वहीं, मेटल सेक्टर की कंपनियों के मुनाफे के अनुमान में 30.9% की कटौती की गई. डायवर्सिफाइड फाइनेंशियल कंपनियों के लिए भी अनुमान 13.6% घटाया गया.

यहां एक बात समझना जरूरी है कि कंपनियों के मुनाफे में बढ़ोतरी की तुलना पिछले साल की समान तिमाही से की जाती है, जबकि शेयरों की कीमत इस बात पर निर्भर करती है कि निवेशकों को भविष्य में कंपनी से कितनी कमाई की उम्मीद है. इसलिए किसी कंपनी का मुनाफा बढ़ने के बावजूद उसका शेयर गिर सकता है.

पिछले साल कम मुनाफा भी इस बार की बढ़ोतरी की वजह

स्मॉलकैप कंपनियों के मुनाफे में तेज बढ़ोतरी की एक और वजह पिछले साल का कमजोर प्रदर्शन है. कुछ स्मॉलकैप कंपनियों का मुनाफा पिछले साल की सितंबर तिमाही में सिर्फ 6% बढ़ा था. इस बार यह बढ़कर 32% हो गया. यानी पिछले साल कम मुनाफा रहने की वजह से इस बार बढ़ोतरी का आंकड़ा ज्यादा दिखाई दे रहा है. इसे शेयर बाजार की भाषा में लो बेस इफेक्ट कहा जाता है. हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक, 72% स्मॉलकैप कंपनियों ने मुनाफे के अनुमान के मुताबिक या उससे बेहतर प्रदर्शन किया. एनबीएफसी, प्राइवेट बैंक, टेक्सटाइल, हेल्थकेयर, इंश्योरेंस और केमिकल सेक्टर की कंपनियों ने इस सुधार में योगदान दिया. लेकिन सिर्फ अच्छे नतीजे आने से शेयरों की कीमत बढ़ना जरूरी नहीं है. अगर किसी शेयर की कीमत पहले से ही काफी ज्यादा है, तो अच्छे नतीजों के बावजूद उसमें गिरावट आ सकती है.

क्या स्मॉलकैप शेयरों में फिर लौटेगी तेजी?

स्मॉलकैप कंपनियों के बेहतर नतीजे निवेशकों के लिए उम्मीद जरूर जगाते हैं. कई कंपनियों ने बाजार के अनुमान से बेहतर प्रदर्शन किया है. लेकिन आगे इन शेयरों में तेजी लौटने के लिए जरूरी है कि मुनाफे में बढ़ोतरी सिर्फ एनर्जी और बैंकिंग जैसे कुछ सेक्टरों तक सीमित न रहे. अगर ज्यादा कंपनियों की कमाई में सुधार होता है और शेयरों का वैल्यूएशन भी उचित स्तर पर आता है, तो स्मॉलकैप शेयरों में दोबारा खरीदारी बढ़ सकती है. फिलहाल निवेशकों के लिए सिर्फ मुनाफे की बढ़ोतरी देखकर निवेश का फैसला करना जोखिम भरा हो सकता है.