पावर सेक्टर की दो दिग्गज सरकारी कंपनियां, पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन और रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉरपोरेशन , अब एक होने जा रही हैं. लेकिन इस बड़े मर्जर के सामने एक पेचीदा कानूनी अड़चन आ गई थी. मर्जर के बाद नई कंपनी में केंद्र सरकार की हिस्सेदारी घटकर 50 फीसदी से नीचे आ जाती, जिससे इसका ‘सरकारी कंपनी’ का दर्जा छिनने का खतरा था. अब इस मुश्किल से निकलने के लिए सरकार ने एक बेहद दिलचस्प और नया रास्ता निकाला है.

सूत्रों के मुताबिक, ऊर्जा मंत्रालय एक ऐसे कैपिटल स्ट्रक्चर पर काम कर रहा है, जिसमें ‘स्पेशल शेयर’ जारी किए जाएंगे. ये शेयर आम शेयरों से बिल्कुल अलग होंगे, क्योंकि इनमें वोटिंग की ताकत कई गुना ज्यादा होगी. जल्द ही इस पूरे प्रस्ताव को मंजूरी के लिए कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है.
मर्जर से क्यों घट रही है सरकार की हिस्सेदारी?
मौजूदा वक्त में PFC का मार्केट कैप करीब 1.1 लाख करोड़ रुपये है और इसमें केंद्र सरकार की हिस्सेदारी 55.99 फीसदी है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं, REC करीब 79,000 करोड़ रुपये की कंपनी है. REC में सरकार की सीधी हिस्सेदारी जीरो है, लेकिन PFC के पास इसके 52.63 फीसदी शेयर हैं. यानी REC अभी PFC की सब्सिडियरी कंपनी है.
मर्जर के लिए तय किए गए 0.88 के स्वैप रेशियो के बाद, नई बनी कंपनी में सरकार की हिस्सेदारी घटकर 42.02 फीसदी रह जाएगी. नियम साफ कहते हैं कि किसी भी कंपनी को सरकारी कंपनी का दर्जा बनाए रखने के लिए उसमें सरकार के पास कम से कम 51 फीसदी पेडअप शेयर कैपिटल होना जरूरी है.
एक शेयर पर 10 वोट का खास फॉर्मूला
कंपनी पर अपना पूरा कंट्रोल बनाए रखने के लिए ऊर्जा मंत्रालय दो तरह के शेयर लाने की तैयारी में है. पहला है ‘सुपीरियर वोटिंग राइट्स’ शेयर. सामान्य इक्विटी शेयर पर जहां एक वोट मिलता है, वहीं इन स्पेशल शेयरों पर एक शेयर के बदले 10 वोट मिलेंगे.
प्रस्ताव के तहत, नई कंपनी करीब 8.06 करोड़ सुपीरियर वोटिंग राइट्स शेयर जारी कर सकती है. इससे सरकार को 80.6 करोड़ वोटों की ताकत मिल जाएगी और उसका वोटिंग कंट्रोल बढ़कर 51 फीसदी हो जाएगा. हालांकि, इससे कुल शेयरों की गिनती में सरकार की हिस्सेदारी 43.06 फीसदी ही पहुंचेगी, जो 51 फीसदी के जरूरी आंकड़े से फिर भी कम है.
51.75 फीसदी हिस्सेदारी का पूरा गणित
पेडअप कैपिटल में 51 फीसदी का आंकड़ा पार करने के लिए सरकार दूसरा कदम उठाएगी. इसके तहत 80.6 करोड़ रिडीमेबल प्रेफरेंस शेयर जारी करने का प्रस्ताव है. इन दोनों तरह के शेयरों को मिलाने के बाद नई कंपनी में सरकार के पास कुल 274 करोड़ शेयर हो जाएंगे. इससे सरकार की कुल पेडअप कैपिटल हिस्सेदारी बढ़कर 51.75 फीसदी पर पहुंच जाएगी और कंपनी पर सरकारी मुहर बरकरार रहेगी.
सरकारी खजाने से लगेंगे 8,000 करोड़ रुपये
इस पूरी कवायद के लिए केंद्र सरकार को अपनी जेब से नया निवेश करना होगा. अनुमान है कि सरकार इसमें करीब 7,500 से 8,000 करोड़ रुपये तक लगा सकती है. इसमें सुपीरियर वोटिंग शेयरों के लिए करीब 7,000 करोड़ रुपये और प्रेफरेंस शेयरों के लिए लगभग 800 करोड़ रुपये की सीमा तय की गई है. हालांकि, फाइनल रकम क्या होगी, ये इंडिपेंडेंट वैल्यूएशन के बाद ही तय होगा. इस नए बजट सपोर्ट के लिए आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति की मंजूरी लेनी होगी. इस मामले पर ऊर्जा मंत्रालय, PFC और REC को भेजे गए सवालों का फिलहाल कोई जवाब नहीं मिला है.
मर्जर पूरा होने के बाद जो नई कंपनी वजूद में आएगी, वो देश के पावर फाइनेंस सेक्टर की सबसे बड़ी ताकत होगी. इसकी लोन बुक 11.6 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की होगी. वहीं, इसका कुल नेट प्रॉफिट 33,625 करोड़ रुपये और नेट वर्थ 1.93 लाख करोड़ रुपये के करीब होगी.



