बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव नदमा में घुड़दौड़ प्रतियोगिता के दौरान भारी भीड़ उमड़ पड़ी. इस बीच बुधवार शाम एक अज्ञात बुजुर्ग व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला. पुलिस उसे तुरंत बाढ़ अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बुजुर्ग की पहचान नहीं हो सकी है. आशंका जताई जा रही है कि भारी भीड़ के बीच दबने या दम घुटने से उसकी मौत हुई होगी.

बुधवार शाम करीब 6 बजे नदमा गांव में भीड़ के बीच एक बुजुर्ग व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला था. इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिसकर्मियों ने बुजुर्ग को संभाला और अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में डॉक्टर रोहन कुमार ने बुजुर्ग की जांच की. उन्होंने बताया कि पुलिस जब बुजुर्ग को लेकर अस्पताल पहुंची, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया गया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। डॉक्टर के मुताबिक, बुजुर्ग को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था.
जेब से मिले 2120 रुपये, पहचान के लिए नहीं मिला कोई दस्तावेज
पुलिस ने मृतक की पहचान करने के लिए उसकी तलाशी ली. इस दौरान उसके पास मौजूद जेबों की जांच की गई, लेकिन कोई पहचान पत्र, कागजात या मोबाइल फोन नहीं मिला. बुजुर्ग की जेब से केवल 2120 रुपये नकद बरामद हुए हैं.
फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने की कोशिश कर रही है. आसपास के लोगों से भी उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बुजुर्ग कहां का रहने वाला था और किस वजह से वह घुड़दौड़ देखने के लिए गांव पहुंचा था.
गांव में घुड़दौड़ का आयोजन किया गया था
दरअसल, अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी 25 नवंबर को हुई. शादी समारोह के दौरान गांव में घुड़दौड़ का आयोजन किया गया था. इसमें हिस्सा लेने के लिए देश के अलगअलग हिस्सों से घुड़सवार पहुंचे थे. प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भी जुटे थे.
भीड़ इतनी ज्यादा थी कि घुड़दौड़ के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था को देखते हुए प्रतियोगिता टालनी पड़ी थी. बताया जा रहा है कि इस दौरान विधायक अनंत सिंह भी मौके पर मौजूद थे. घुड़दौड़ देखने के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह था. गांव में जगह कम पड़ने के कारण कई लोग मोबाइल टावर और ऊंचे पेड़ों पर चढ़कर प्रतियोगिता देखने लगे थे.
रिपोर्ट रविशंकर, पटना



