बिलासपुर। कहते हैं कि प्यार और साथ की कोई उम्र नहीं होती। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से ऐसी ही एक कहानी सामने आई है, जिसने हर किसी का दिल छू लिया है। अपनों से मिले दर्द और अकेलेपन के बीच जिंदगी गुजार रहे 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना को वृद्धाश्रम में एक-दूसरे का साथ मिल गया। अब दोनों ने साथ जिंदगी बिताने का फैसला किया है।

वृद्धाश्रम में रहने वाले दो बुजुर्ग करेंगे शादी

बिलासपुर के घाघस क्षेत्र के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम में रहने वाले कन्हैया लाल और सबीना जल्द ही शादी करने जा रहे हैं। मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग के रहने वाले 75 वर्षीय कन्हैया लाल और कोलकाता की 63 वर्षीय सबीना ने एक-दूसरे को अपना जीवनसाथी बनाने का फैसला लिया है। पहले दोनों कोर्ट मैरिज करेंगे। इसके बाद वृद्धाश्रम में हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी की रस्में पूरी की जाएंगी।

 

भाइयों ने घर से निकाला तो गुफा में रहने लगे कन्हैया लाल

75 वर्षीय कन्हैया लाल की जिंदगी भी काफी मुश्किलों भरी रही है। एक समय था जब वह अपनी पत्नी के साथ खेतीबाड़ी करके अपना गुजारा करते थे। लेकिन पत्नी की बीमारी के चलते उनकी मौत हो गई। दोनों की कोई संतान भी नहीं थी। ऐसे में कन्हैया लाल ने अपनी जमीन भाइयों के नाम कर दी थी। हालांकि, बाद में भाइयों ने ही उन्हें घर से बाहर निकाल दिया।

 

 

अपनों से मिले इस दर्द को कन्हैया लाल सहन नहीं कर पाए और घर छोड़कर जंगल में एक गुफा में रहने लगे। इसके बाद वर्ष 2022 में उन्हें बिलासपुर के दयोली स्थित वृद्धाश्रम लाया गया। तब से यही आश्रम उनका घर बन गया।

चार साल तक नारी निकेतन में रहीं सबीना

63 वर्षीय सबीना की जिंदगी की कहानी भी कम दर्दभरी नहीं है। वह मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली हैं। मानसिक परेशानी के चलते वह शिमला के मशोबरा पहुंच गई थीं। यहां पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू किया और नारी निकेतन मशोबरा पहुंचाया। सबीना करीब चार साल तक नारी निकेतन में रहीं। इसके बाद वर्ष 2025 में उन्हें बिलासपुर जिले के दयोली स्थित अपना घर वृद्धाश्रम भेज दिया गया। यहीं उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई।

 

साथ रहते-रहते बढ़ने लगा दोनों के बीच अपनापन

वृद्धाश्रम में एक साथ रहते हुए दोनों धीरे-धीरे एक-दूसरे के करीब आने लगे। दोनों छोटे-छोटे कामों में एक-दूसरे की मदद करते थे। जब भी किसी को जरूरत होती तो दूसरा उसका सहारा बन जाता। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस तरह दोनों को एक-दूसरे से अपने मन की बात कहने और दुख-दर्द बांटने का मौका मिला। अकेलेपन से जूझ रहे दोनों बुजुर्गों को एक-दूसरे में अपना साथी नजर आने लगा। धीरे-धीरे यह अपनापन रिश्ते में बदल गया और दोनों ने बाकी जिंदगी एक साथ बिताने का फैसला कर लिया।

आश्रम प्रबंधन ने भी फैसले का किया सम्मान

दयोली वृद्धाश्रम के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल को जब दोनों की इच्छा के बारे में पता चला तो उन्होंने उनसे बातचीत की। उन्होंने दोनों की भावनाओं और आगे की जिंदगी को लेकर उनकी इच्छा समझी। इस दौरान कन्हैया लाल और सबीना ने एक-दूसरे से शादी करने की बात कही। इसके बाद आश्रम प्रबंधन ने भी उनके फैसले का सम्मान किया और शादी की तैयारियां शुरू कर दीं। अब 25 नवंबर को दोनों शादी करके अपने रिश्ते को नया नाम देंगे।

 

शादी के बाद नालागढ़ वृद्धाश्रम में रहेंगे दोनों

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोर्ट मैरिज के बाद दयोली वृद्धाश्रम में हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार शादी की रस्में निभाई जाएंगी। शादी के बाद दोनों को नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में शिफ्ट किया जाएगा।

 

 

 

एडवोकेट प्रकाश बंसल के मुताबिक, नालागढ़ में नया वृद्धाश्रम खोला गया है। शादी के बाद कन्हैया लाल और सबीना को वहीं रखा जाएगा, ताकि दोनों एक साथ रह सकें और अपने जीवन की नई शुरुआत कर सकें।